कुलपहाड़ और सुगिरा के बीच अवैध बालू से भरे एक ट्रक को पकड़कर किया गया सीज

कुलपहाड़ (महोबा) तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। कुलपहाड़ और सुगिरा के बीच चलाए अभियान के दौरान अवैध बालू से भरे एक ट्रक को पकड़कर सीज कर दिया गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बालू से लदा यह ट्रक बिना किसी वैध प्रपत्र के पनवाड़ी की ओर जा रहा था। जैसे ही इसकी सूचना प्रशासन को मिली, दो मजिस्ट्रेटों व पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली कुलपहाड़ में खड़ा करा दिया गया।

उपजिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे “एंटी-इलीगल माइनिंग ड्राइव” अभियान के तहत हाल के दिनों में सघन निगरानी और छापेमारी की जा रही है। प्रशासन की सक्रियता के चलते अवैध खनन और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के लिए अब क्षेत्र में काम करना मुश्किल होता जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन का कोई भी खेल अब नहीं चलने दिया जाएगा। नियमों को ताक पर रखकर राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा। तहसील क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह लगाम कसी जा सके।

Back to top button