मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, लोजपा नेता की दर्दनाक मौत; दो की हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर हादसे का शिकार हुई, जिसमें लोक जनशक्ति पार्टी के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अमन सिंह की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना तुर्की थाना क्षेत्र में अहले सुबह हुई।
मुजफ्फरपुर जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अमन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, जिसमें कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, तुर्की थाना क्षेत्र के माधौल स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मुजफ्फरपुर-पटना एनएच पर सोमवार अहले सुबह करीब तीन बजे यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि अमन सिंह (32 वर्ष) शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने दोस्तों के साथ वैशाली जिले के बेलसर ओपी अंतर्गत अपने गांव जारंग रामपुर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर एनएच के डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर एक अन्य वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही तुर्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अमन सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य दो घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मृतक अमन सिंह वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के जारंग रामपुर गांव निवासी स्वर्गीय दीपनारायण सिंह के पोते थे। वे लोजपा के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ-साथ हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी भी थे। इसके अलावा उन्हें सीतामढ़ी जिले का भी संगठनात्मक प्रभार मिला हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





