बिहार में इस बार 29 महिलाओं ने लहराया जीत का परचम

 बिहार में इस बार के विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में 29 महिलाओं ने जीत का परचम लहराया। इस बार के चुनाव में 2616 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे थे, जिनमें 258 महिलाएं थी। इस चुनाव में महज 29 महिला निर्वाचित हुई है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाईटेड (JDU) की दस-दस महिला प्रत्याशियों ने चुनाव जीता। 

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की तीन-तीन महिलाओं ने जीत का परचम लहराया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) की दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) की एक महिला प्रत्याशी ने चुनाव में जीत हासिल की। महिलाओं की हितैषी होने का दावा करने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने इस बार के चुनाव में 34 महिलाओं को टिकट दिया था। राजग में शामिल भाजपा और जदयू ने 13-13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच, हम ने दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने एक महिला को टिकट दिया। 

BJP से 10 महिलाएं हुईं निर्वाचित 

जमुई से श्रेयसी सिंह 
अलीनगर से मैथिली ठाकुर 
बेतिया से पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी 
परिहार से गायत्री देवी
नरपतगंज से देवंती यादव
प्राणपुर से निशा सिंह
कोढ़ा से कविता देवी 
औराई से रमा निषाद
छपरा से छोटी कुमारी 
मोहनियां (सुरक्षित) से संगीता कुमारी 

जदयू से निर्वाचित 10 महिलाएं 

गायघाट से कोमल सिंह 
समस्तीपुर से अश्वमेध देवी 
केसरिया से शालिनी मिश्रा 
शिवहर से श्वेता गुप्ता 
बाबूबरही से मीना कामत 
फुलपरास से शीला मंडल
त्रिवेणीगंज (सुरक्षित) से सोनम रानी सरदार
धमदाहा से लेसी सिंह
बेलागंज से मनोरमा देवी जीती 
नवादा से विभा देवी 

लोजपा के टिकट पर 3 महिलाएं जीतीं 

बलरामपुर से संगीता देवी
गोविंदपुर से विनिता मेहता 
बोचहा (सुरक्षित) से बेबी कुमारी 

वहीं हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) से दो महिला उम्मीदवारों ने चुनाव जीता। इमामगंज (सुरक्षित) से जीतन राम मांझी बहू दीपा कुमारी और बाराचट्टी (सुरक्षित) से उनकी समधन ज्योति देवी ने जीत का परचम लहराया। वहीं उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के टिकट पर सासाराम सीट कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता ने जीत हासिल की। 

महागठबंधन की ओर से 31 महिला चुनावी मैदान में भाग्य आजमाने के लिए उतरी थी। महागठबंधन में शामिल राजद ने 23, कांग्रेस ने पांच, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) ने 01, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) ने 01-01 महिलआों को उम्मीदवार बनाया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने किसी महिला उम्मीदवार पर भरोसा नहीं जताया। राजद की तीन महिला प्रत्याशी ही सियासी संग्राम में अपना ‘करिश्मा’दिखाने में सफल हुई। परसा से पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री करिश्मा राय, वारसिलीगंज से अनिता देवी और चकाई से सावित्री देवी ने चुनाव जीता। 

कांग्रेस, वीआईपी, भाकपा माले और आईआईपी की कोई महिला उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 के चुनाव में 370 महिलाएं चुनावी रण में उतरी थी, जिसमें 26 महिला विधायक बनने में सफल हुई थी। भाजपा के टिकट पर सर्वाधिक नौ महिला चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची। वहीं, जदयू की छह, राजद की सात, कांग्रेस की दो, हम और वीआईपी की एक-एक महिला प्रत्याशी ने चुनाव में जीत हासिल की थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker