छत्तीसगढ़: अमित शाह आज आएंगे रायपुर; कल बस्तर दशहरा में करेंगे शिरकत

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज यानि शुक्रवार को रात आठ बजे विशेष विमान से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे नवा रायपुर के एक निजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। उनका यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
शुक्रवार रात आठ बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे नवा रायपुर के एक निजी होटल जाएंगे। वहां पर रात में आराम करेंगे। इस दौरान प्रदेश के सीनियर बीजेपी नेताओं के साथ कई सियासी मुद्दों पर बैठक कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक शाह राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी रणनीतियों पर नेताओं से चर्चा कर सकते हैं।
ये हैं केंद्रीय गृहमंत्री शाह का शेड्यूल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। चार अक्टूबर को सुबह में बस्तर पहुंचेंगे। फिर दंतेवाड़ा में सुबह साढ़े ग्यारह बजे माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। सबसे पहले मुरिया दरबार में शामिल होंगे। यह बस्तरिया आदिवासी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा अहम आयोजन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाह के आगमन को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। दोपहर एक बजे विश्व विख्यात बस्तर दशहरा में भी शामिल होंगे। इसके बाद वे अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। आदिवासी समाज से सीधा संवाद भी कर सकते हैं। फिर बस्तर से रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वापस दिल्ली लौट जायेंगे।
नक्सल अभियानों की होगी समीक्षा
सबसे बड़ी और खास बात ये है कि शाह के इस दौरे का सबसे बड़ा उद्देश्य नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में चल रहे नक्सल अभियानों की समीक्षा करना है। वे बस्तर में सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे। नक्सल अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित देश को नक्सलमुक्त करने का संकल्प लिया है। इस दिशा में सुरक्षा बल लगातार छत्तीसगढ़ में सक्रिय है। आये दिन नक्सली एनकाउंटर में मारे जा रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में नक्सली सरेंडर भी कर रहे हैं। दो अक्तूबर को बीजापुर जिले में नक्सलियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया था।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने लिया तैयारियों का जायजा
केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए नवरात्रि के 9वें दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर पहुंचे थे। जहां वे सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंच बस्तर की सुख शांति की कामना से साथ ही मिशन 2026 के लिए कामना की। पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक कर रूट चार्ट से लेकर अन्य विषयों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से चर्चा की।