महिला पर गोली चलाने वाला पूर्व प्रेमी गिरफ्तार,दूसरे के साथ आपत्तिजनक हालत में देख बौखलाया

लखनऊ, राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में महिला पर गोली चलाने वाला उसका पूर्व प्रेमी यूसुफ उर्फ भइयू गिरफ्तार हो गया। उसने बीते शनिवार रात दो बजे महिला पर गोली चलाई थी। यूसुफ महिला पर बात करने का दबाव बना रहा था। अनदेखा करने पर महिला पर गोली चलाकर फरार हो गया था। महिला ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
ठाकुरगंज इलाके में रहने वाली महिला के पति का बीमारी के चलते करीब 10 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। महिला तीन बेटियों और एक बेटे के साथ रहती है। थाना प्रभारी श्रीकांत राय के मुताबिक, सआदतगंज चौपटिया निवासी यूसुफ उर्फ भइयू का महिला से पूर्व में प्रेम प्रसंग था।पुलिस ने बताया कि आरोपी भइयू महिला के घर आता-जाता था। करीब एक महीने से महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया। महिला के संबंध सीतापुर के रहने वाले बहन के बेटे से हो गए थे जो उसके घर में ही रह रहा था।
शनिवार सुबह आरोपी यूसुफ महिला के घर पहुंचा। बात न करने को लेकर यूसुफ और महिला के बीच झगड़ा हुआ। परिवारजनों ने बीच-बचाव करके दोनों को हटा दिया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 2 बजे यूसुफ फिर से महिला के घर पहुंच गया। महिला को उसके भांजे के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर उग्र हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने महिला पर फायर कर दिया। गोली महिला की पीठ में लगी। इस पर महिला का भांजा यूसुफ से भिड़ने लगा। यूसुफ ने महिला के भांजे पर फायर झोंक दिया।
गोली युवक के दाहिने हाथ पर रगड़ती हुई निकल गई। गोली की आवाज से इलाके के लोग एकत्रित होने लगे तो आरोपी भाग निकला।इंस्पेक्टर का कहना है कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे यूसुफ को पुलिस ने कुड़ियाघाट के पास गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 32 बोर की रिवॉल्वर बरामद की गई। आरोपी यूसुफ पर ठाकुरगंज थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी यूसुफ शातिर अपराधी है। इसके पहले अपनी पत्नी और उसके दोस्त पर भी फायरिंग कर चुका है।