होली पर 35 डिग्री पार रहेगा पारा, 30 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

लखनऊ, होली पर लखनऊ का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पार कर जाएगा। करीब 30 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। हालांकि, दिन में हल्के बादल भी छाए रहने की संभावना है। बुधवार को सुबह से लखनऊ का मौसम साफ है। 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो मार्च के अंत तक हीट वेव का अहसास भी होने लगेगा।

होली तक राजधानी में तापमान के 35 डिग्री पार चले जाने के आसार हैं। इसके बाद न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार से पछुआ हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान का धीरे-धीरे बढ़ना जारी रहेगा। 14 मार्च को तेज धूप और उच्च तापमान के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

बुजुर्गों और बच्चों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे हल्के और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को ढकें और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें।

Back to top button