उत्तराखंड भाजपा ने 17 सांगठनिक जिला अध्यक्षों का किया ऐलान, रानीखेत-रुड़की का तय नहीं नाम

उत्तराखंड भाजपा ने 17 सांगठनिक जिला अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया है। उत्तराखंड में रानीखेत और रुड़की में बीजेपी की ओर से किसी भी नेता के नाम पर मुहर नहीं लगाई है।
भाजपा देहरादून महानगर अध्यक्ष पद पर सिद्धार्थ अग्रवाल दोबारा निर्वाचित हुए हैं। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। जिला चुनाव प्रभारी नीरू देवी ने महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष की घोषणा की।
इस मौके पर पर्यवेक्षक ऋषि कंडवाल, आदेश गुप्ता, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ और पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा आदि मौजूद थे।
सिद्धार्थ अग्रवाल के अलावा सात अन्य ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की थी। लेकिन राय शुमारी के बाद सिद्धार्थ अग्रवाल के नाम को अंतिम रूप दिया गया।महानगर कार्यालय में फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया।
हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा हो गई है। भाजपा के जगजीतपुर स्थित जिला कार्यालय में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने आशुतोष शर्मा के नाम की घोषणा की।
मंच को संबोधित करते हुए दुष्यंत गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता देश को पहले मानता है। जिसे जो भी जिम्मेदारी मिलती है उसे राजनीतिक संगठन से ऊपर उठकर सामाजिक संगठन मानकर पूरा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग विधायक सांसद बनने के लिए ही पैदा नहीं हुए बल्कि समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए पैदा हुए हैं। कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, मेयर किरन जैसल, पूर्व विधायक सुरेश राठौर, पूर्व विधायक संजय गुप्ता समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दूसरी ओर, महेश नयाल को अल्मोड़ा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी हाईकमान ने बीते ढाइ दशक से पार्टी के विभिन्न पदों पर रहे महेश नयाल को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
ग्राम सिलंगिया, पोखरी मनान सोमेश्वर निवासी महेश ने भाजपा में वर्ष 2002 में मंडल अध्यक्ष भाजयुमो हवालबाग की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद वह 2003 में स्याही देवी के भाजयुमो मंडल अध्यक्ष रहे।
2006 में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष, 2012 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजयुमो, 2014 चुनाव संयोजक विस सोमेश्वर उपचुनाव, 2016 में जिलाध्यक्ष भाजयुमो, 2017 जिलाध्यक्ष भाजयुमो अल्मोड़ा रानीखेत संयुक्त, 2019 में निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य, 2020 में भाजपा जिला महामंत्री अल्मोड़ा रानीखेत संयुक्त रह चुके हैं।
2019 से 24 तक सदस्य जिला नियोजन समिति के रहे। जबकि, नई टिहरी में उदय सिंह रावत और पौड़ी में कमल किशोर रावत को भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।