महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, राज्य में मचा हड़कंप

 महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर धमकी मिली है। इस बार मुंबई में मुख्यमंत्री कार्यालय पर बम से हमला करने की धमकी भरा एक वॉट्सऐप मैसेज मिला है। इस वॉट्सऐप मैसेज ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है।

मुंबई पुलिस को मिली धमकी

मुंबई ट्रैफिक पुलिस को वॉट्सऐप पर यह धमकी भरा मैसेज मिला है। वर्ली पुलिस ने धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि ट्रैफिक पुलिस को यह धमकी भरा संदेश वॉट्सऐप पर एक पाकिस्तानी नंबर से मिला।

कल दोपहर को संदेश मिलने के बाद पुलिस जांच विभाग अलर्ट मोड पर है। यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति भारत से है या बाहर से।

वॉट्सऐप पर दी धमकी 

पुलिस विभाग वॉट्सऐप संदेश के स्थान की जांच कर रहा है। यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि व्हाट्सएप संदेश पाकिस्तान के किस स्थान से आया था।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग को पाकिस्तान से आए वॉट्सऐप संदेश के बारे में सूचित कर दिया गया है। महाराष्ट्र पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वॉट्सऐप संदेश धमकी मामले की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।

Back to top button