दिल्ली: शपथ समारोह में शामिल होंगे आतिशी-केजरीवाल, जाने गेस्ट लिस्ट…

दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन होगा इसका निर्णय बुधवार शाम को हो जाएगा। शाम में दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के सभी 48 विधायक शामिल होंगे। बैठक से पहले केंद्रीय पर्यवेक्षक की घोषणा की जाएगी। पर्यवेक्षक की उपस्थिति में भाजपा विधायक अपना नेता चुनेंगे। उसके बाद उपराज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में जश्न की तैयारी

बृहस्पतिवार दोपहर नए मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी रामलीला मैदान में चल रही है। वहीं, दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी जश्न की तैयारी की जा रही है। पार्टी के प्रवेश द्वार पर नया गेट लगाया गया है जिसके ऊपर लिखा गया है -दिल्ली में भाजपा की सरकार-। मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही जश्न शुरू हो जाएगा।

भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पूरी दिल्ली में होर्डिंग लगाए जाएंगे। होर्डिंग में नए मुख्यमंत्री की फोटो होगी। शहर में अन्य स्थानों पर भी खुशी मनाई जाएगी। पार्टी 27 वर्षों के बाद सत्ता में लौट रही है, इसलिए इस अवसर को यादगार बनाने की तैयारी है।

शपथ समारोह में कौन होगा शामिल?

शपथ ग्रहण समारोह में राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राजग के सभी सांसदों व वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग भी समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव का नाम भी आमंत्रित लोगों में शामिल है।

वीवीआईपी गेस्ट के अलावा विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने में महत्वपूर्ण निभाने वाले पार्टी के सभी राज्यों के नेताओं, दिल्ली के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। सफाई कर्मचारी, झुग्गी बस्ती के प्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य समारोह में शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के आने की संभावना

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के आने की संभावना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस समेत सभी 12 विभाग सुरक्षा इंतजामात करने में लगा हुआ है। इसको लेकर मंगलवार देर शाम तक मुख्य सचिव के साथ 12 विभाग के अधिकारियों की कई घंटे तक बैठक हुई।

सुरक्षा के मद्देनजर किए जा रहे हैं सुरक्षा बंदोबस्त

बैठक में सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर रणनीति तय की गई। 1000 बसों में भरकर लोगों के आने के दावे किए गए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि करीब 500 से 800 बसें आ सकती हैं।

हजारों की संख्या में कारें और अन्य वाहनों के आने की संभावना है। आज सभी विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। बैठक में पुलिस कमिश्नर, लॉ एंड ऑर्डर, फायर डायरेक्टर, निगम कमिश्नर, पीडब्ल्यूडी,जल बोर्ड, होम विभाग आदि के अधिकारी मौजूद थे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker