सीएम नीतीश ने राजकीय डिग्री कॉलेज सहित इन बड़ी योजनाओं का किया उद्घाटन

प्रगति यात्रा के दौरान शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अरवल पहुंचे। इस दौरान सीएम ने कहा कि बिहार में हर क्षेत्र में काम हो रहा है। आगे भी इसी रफ्तार से काम होगा।

सीएम ने कहा कि हमने ही समूहों से जुड़ी महिलाओं का नाम जीविका दीदी रखा था, इससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने इनका नाम आजीविका किया। इससे बिहार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है।

जीविका समूह को दिया सांकेतिक चेक

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जीविका समूह को पांच करोड़ 70 लाख का सांकेतिक चेक दिया। अरवल के बेलखारा मैदान में जीविका दीदी समेत विभिन्न सरकारी विभागों के लगाए गए 17 स्टॉल का सीएम नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया।

इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। अधिकारियों से कहा कि अच्छे से स्टेडियम का निर्माण कराइए ताकि बच्चे अच्छे से खेल व दौड़ सकें। राज्य के लिए मेडल ला सकें।

144 योजनाओं की दी सौगात

बेलखारा से मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए जिले के लिए 144 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं के निर्माण में 11065. 77 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ चार लाख 72 हजार से निर्मित राजकीय डिग्री कालेज का उद्घाटन किया।

तीन करोड़ 50 लाख 37 हजार की लागत से बने स्लुईस गेट और पइन का जीर्णोद्धार कार्य, 14 लाख 97 हजार से निर्मित ग्रामीण उद्यान, नौ लाख 95 हजार से निर्मित महात्मा गांधी खेल परिसर और 75 लाख की राशि से निर्मित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का उद्घाटन किया।

बेलखारा में लगाए गए योजनाओं के शिलापट्ट

सभी योजनाओं के शिलापट्ट बेलखारा में कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए थे। यहां के बाद मुख्यमंत्री जहानाबाद के लिए रवाना हो गए।

जहानाबाद में सीएम ने दी 200 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात

प्रगति यात्रा के दौरान जहानाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले की बहुप्रतिक्षित मांग रेलवे अंडरपास पर ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की। काको प्रखंड के धरहरा में अतिपिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय, काजीसराय में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गांधी पार्क, खेल मैदान का उद्घाटन किया।

133 करोड़ से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन तथा लगभग 100 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल धरहरा में जीविका दीदी समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई दी और कहा कि 2006 से बिहार में जो बदलाव आया है, उसको सभी लोग याद रखिएगा। आप सभी आगे बढ़िए, सरकार हर कदम पर आपके साथ है। बिहार की तरक्की के लिए आगे भी विकास कार्य किए जाएंगे।

मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी थे। उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला समाहरणालय में दोनों जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker