त्रिपुरा में शख्स ने झगड़े के बाद अपनी पत्नी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

त्रिपुरा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 40 साल के शख्स ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया, 40 साल के शख्स ने त्रिपुरा में पत्नी से झगड़े के बाद उसको मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद उसने शव के साथ कई घंटे बिताए और फिर अपने अपराध की रिपोर्ट करने के लिए पुलिस स्टेशन चला गया। आरोपी पति का नाम श्यामल दास बताया जा रहा है।
पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
पश्चिम त्रिपुरा जिले के अमताली पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन के उप-निरीक्षक श्यामल पॉल ने इस मामले में कहा कि श्यामल दास ने सोमवार रात कुछ पारिवारिक मुद्दों पर अपनी पत्नी स्वप्ना से झगड़ा किया और उस पर किसी वस्तु से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, श्यामल ने अपने घर के अंदर शव के साथ रात बिताई। आज दोपहर करीब 1.20 बजे, वह पुलिस स्टेशन गया और दावा किया कि उसकी पत्नी उसके घर के अंदर खून से लथपथ पड़ी थी। पुलिस की एक टीम मौके पर गई और शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
पहले भी आया था ऐसा मामला
इससे पहले त्रिपुरा के पश्चिम जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और उसके शरीर के दो टुकड़े कर दिए थे। पुलिस ने इस मामले में कहा था कि कायर मिया के रूप में पहचाने गए मृतक महिला के पति को गिरफ्तार किया गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
महिला की हुई थी 8 महीने पहले शादी
महिला के छोटे भाई बापन मिया ने बताया कि अरलिया की रहने वाली ताजुजा बेगम की शादी करीब 8 महीने पहले दिहाड़ी मजदूरी करने वाले कायर मिया से हुई थी।