यूपी में फिर बढ़ेगी ठंड, चलेगी तेज हवाएं

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में इन दिनों सुबह और शाम को सर्दी का एहसास हो रहा है। दोपहर के समय तेज धूप होने की वजह से ठंड कम हो गई है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनने भी कम कर दिए है। इसी बीच मौसम विभाग ने नया अपडेट दिया है। विभाग के मुताबिक, राज्य में एक बार फिर से मौसम में बदलाव होगा और ठंड फिर से लौटेगी।
तेज हवाएं चलेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो नया पश्चिमी विक्षोभ यूपी के ऊपर से गुजर रहा है। इससे आसमान में बादलों की आवाजाही दिख रही है। पश्चिमी विक्षोभ ने हवा की नमी बढ़ा दी है। यही वजह है कि धूप का असर भी ज्यादा होता जा रहा है। इस बीच राजधानी लखनऊ में मैक्सिमम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो रहा है। यह तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो 9.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 या 14 फरवरी को एक बार फिर सर्दी लौटने की संभावना जताई गई है। 14 फरवरी को कुछ हिस्सों में बारिश होने की भी उम्मीद जताई गई है। विभाग के मुताबिक, 12 और 13 फरवरी को पछुआ हवा चलेगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी। पिछले तीन दिन से पछुआ हवा चल रही है। जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आई थी।