दिल्ली में तेजी से बदल रहा मौसम, IMD ने तीन दिन बाद तापमान में बढ़ोतरी की जताई आशंका

दिल्ली में मौसम तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार से लगातार तीन दिन तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो 17 फरवरी से दिल्ली एनसीआर के मौसम में ऐसा बदलाव देखा जाएगा जैसे लगेगा कि ठंड बीते दिनों की बात हो गई है। दिल्ली वालों को साफ तौर पर 17 फरवरी से गरमाहट महसूस होने लगेगी तब न्यूनतम तापमान भी 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग की मानें तो 12, 13 और 14 फरवरी को दिल्ली में सुबह के समय धुंध पड़ने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा और तेज हवाएं चलेंगी। हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की जा सकती है। 12 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने 13 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 14 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।