कृष्णानगर और गोमतीनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन घायल

लखनऊ, राजधानी में गुरुवार तड़के दो थानाक्षेत्रों में पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश घायल हो गये। तीनों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पहली मुठभेड़ कृष्णारनगर के विजयनगर इलाके में रात दो बजे हुई। वहीं करीब 40 मिनट बाद दूसरी मुठभेड़ गोमतीनगर के जनेवश्वर मिश्र पार्क के पास हुई। पुलिस पकड़े गये आरोपियों के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।

डीसीपी दक्षिणी निपुन अग्रवाल के मुताबिक इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात दो बजे विजय नगर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी बीच बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखे। पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसी बीच पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश के अलावा दूसरे को भागते समय पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान शमीम के रुप में हुई। वहीं दूसरा आकाश है। पुलिस ने शमीम को लोकबंधु अस्पताल पहुंचा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। शमीम सीतापुर के विसावां स्थित पठान टोला का रहने वाला है। वहीं आकाश तालकटोरा राजाजीपुरम का रहने वाला है।

एसीपी कृष्णानगर सौम्या पांडेय के मुताबिक शमीम पर लूट, नकबजनी और दुष्कर्म के 24 मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश पर 12 मामले दर्ज हैं। दोनों बदमाशों ने 15 दिसंबर को कृष्णानगर इलाक में रहने वाले रिटायर्ड फौजी व विधानसभा में सिक्योरिटी गार्ड मनोज मिश्रा के घर पर फायरिंग की थी। दहशत फैलाने के लिए पेट्रोल बम फेंका था। घटना में दो और बदमाश शामिल थे। जो 21 दिसंबर की रात में सीतापुर जिले में हुई एक घटना गिरफ्तार हो गये थे। वहीं आकाश व शमीम वहां से भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और कार बरामद किया है। गोमतीनगर पुलिस टीम बुधवार देर रात को जनेश्वरम मिश्र पार्क पुल के नीचे चेकिंग कर रही थी। रात करीब 2.40 बजे कार सवार संदिग्ध उधर से गुजरे।

पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कार सवारों ने फायरिंग कर दी। साथ ही कार की तरफ्तार तेज कर दी। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जाकर कार को घेर लिया तो बदमाश पैदल फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अमन सिंह और वीर यादव के पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कार, असलहा, मोबाइल बरामद किया है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के मुताबिक 21 दिसंबर को अमन और वीर यादव ने अपने अन्य साथियों संग मिलकर विपुलखंड स्थित नीरज चौक पर कार सवार दवा व्यापारी दंपति को ओवरटेक किया। व्यापारी की कार में तोड़फोड़ किया। ईंट से हमला कर दंपति का सिर फोड़कर जेवरात व नकदी लूट ली थी। इसके 10 मिनट बाद ही दयाल पौराडाइज चौराहे पर एक अन्य कार सवार को रोककर 20 हजार नकदी, चेन व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर कार सवार दो व्यक्तियों के सिर फोड़ दिये। वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। कमिश्नरेट पुलिस की बदमाशों से पिछले चार दिनों में ताबड़तोड़ चार मुठभेड़ हुई। इसमें चार बदमाश घायल हुए। वहीं, एक बदमाश ढेर हो गया। चार मुठभेड़ तीन थानाक्षेत्र में हुई। घायल बदमाशों समेत कुल सात को गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी शुरूआत सोमवार तड़के चिनहट के जलसेतु इलाके में हुई। जहां ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर तोड़कर करोड़ों का माल साफ करने वाले तीन बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश को गोली लगी। कुल तीन गिरफ्तार कर लिये गये। वहीं, सोमवार देर रात को ही चिनहट पुलिस की दोबारा बदमाशों से मुठभेड़ जलसेतु इलाके में ही हुई। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गया। वह भी ओवरसीज बैंक में हुई घटना का आरोपी था। इसके बाद गुरुवार तड़के हुए दो मुठभेड़ में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। जबकि तीन घायल हो गये।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker