ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार भिड़े, युवक गंभीर घायल

लखनऊ, राजधानी लखनऊ के सीतापुर हाईवे पर एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। पीछे आ रही बाइक भी इसकी चपेट में आ गई, जिससे उस पर सवार तीन युवक घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ईंट लेकर जा रहा था। पूरी सड़क पर ईट फैल गई, जिसके चलते घंटों जाम की स्थित बनी रही। बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षमता से अधिक ईंट लादकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।

अचानक हुई इस घटना में पीछे आ रही मोटरसाइकिल ट्रैक्टर-ट्राॅली से जा भिड़ी। इससे मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना बीकेटी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस के नहीं पहुंचने पर लोगों ने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल ओंकार सिंह (20) निवासी बरगदी बीकेटी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है। वहीं अन्य दो युवकों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्घ्टी दे दी।

Back to top button