पाकिस्तान में पोलियो के चार नए मामले आए सामने, इस साल मिले 37 मरीज

पाकिस्तान में पोलिया वायरस संक्रमण के चार नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान में इस साल पोलियो संक्रमण के मामले बढ़कर 37 हो गए हैं। पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ ने शुक्रवार को बलूचिस्तान में तीन और खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो संक्रमण का एक मामला मिलने की पुष्टि की।

पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बलूचिस्तान के पिशिन इलाके में एक लड़की पोलियो वायरस से संक्रमित मिली है। वहीं चमन और नोशकी इलाके में दो लड़के इस वायरस से संक्रमित मिले हैं। खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवत इलाके की एक लड़की में भी वायरस की पुष्टि हुई है। इस साल पाकिस्तान में पोलियो के मामले बढ़कर 37 हो गए हैं। इनमें से 20 मामले अकेले बलूचिस्तान और 10 सिंध, पांच खैबर पख्तूनख्वा और एक-एक पंजाब और इस्लामाबाद में मिला है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में सिर्फ पाकिस्तान और अफगानिस्तान में ही पोलियो संक्रमण के मामले मिल रहे हैं।

श्रीलंका के चाय बागानों में काम करने वाले भारतीय-तमिल समुदाय की शिक्षा के लिए भारत ने दोगुनी की आर्थिक मदद दोगुनी

भारत सरकार ने श्रीलंका के चाय बागानों में काम करने वाले गरीब भारतीय-तमिल समुदाय की शिक्षा के लिए आर्थिक मदद दोगुनी करने का फैसला किया है। अब भारत इस मद में आर्थिक अनुदान के तहत 60 करोड़ श्रीलंकाई रुपये देगा। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका सरकार के मंत्री जेएम तिलक जयासूर्या ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। संतोष झा ने कहा कि चाय बागान वाले इलाकों में 9 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा।

श्रीलंका ने 17 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

श्रीलंका ने 17 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। इन मछुआरों को श्रीलंका की जल सीमा का उल्लंघन करने के आरोप में बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। अब इन्हें रिहा किया गया है। श्रीलंका की जेल से रिहा होकर भारतीय मछुआरे भारत लौट रहे हैं। श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी दी है। दोनों देशों के मछुआरे अक्सर जल सीमा का उल्लंघन करने के चलते गिरफ्तार होते रहते हैं। कई मौकों पर श्रीलंकाई नौसेना ने पाल्क जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर फायरिंग भी की है। पाल्क जलडमरूमध्य एक संकरा इलाका है, जो तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करता है। अक्सर इस इलाके में दोनों देशों के मछुआरों को सीमा उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया जाता है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker