MP में 110 साल की महिला और 70 साल के बेटे की हत्या

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिला में 110 साल की महिला और 70 साल के उनके बेटे की हत्या कर दी गई। हत्या की वजह प्रॉपर्टी को लेकर होने वाला विवाद बताया जा रहा है। घटना मैनवाडा गांव की है। पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राजवंत उर्फ राजा है।

बूढ़ी मां और उसके दो बेटे

पुलिस ने बताया कि घिलौंड्रा निवासी दिलीप कौर के चार बेटे हैं। इनके पति की मौत कुछ सालों पहले हो चुकी थी। सत्तर वर्षीय बड़ा बेटा दर्शन सिंह और पचास वर्षीय छोटा बेटा राजा अपनी मां दिलीप कौर के साथ रहते हैं। दोनों की शादी नहीं हुई है। जबकि मझले बेटों की शादी हो चुकी है और अब दोनों अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं।

संपत्ति के बटवारे के बावजूद मांगा हिस्सा

अलग होने के बाद संपत्ति में बटबारा हुआ तो दर्शन और राजा के हिस्से में 18-18 बीघा खेत आए। कुछ साल पहले राजा ने अपने हिस्से का 7 बीघा बेच दिया था। जबकि दर्शन ने हालिया समय में एक डील फिक्स करके बेचा। इसका पैसा अभी दर्शन को मिलना बाकी था। मामला तब बिगड़ा जब राजा ने दर्शन द्वारा बेची गई जमीन के पैसों में हिस्सा मांगा। पैसे मांगने की बात पर मां दिलीप कौर ने इसका विरोध किया और पूरे पैसे दर्शन को मिलने की बात कही।

गुस्साए बेटे ने मां पर फावड़े से किया हमला

सुबह मामला फिर बढ़ता दिखाई दिया। मां दिलीप कौर ने एक बार फिर पैसे बांटने से इंकार किया तो गुस्साए राजा ने मां पर फावड़े से हमला कर दिया। मां पर हमला होता देख दर्शन बीच-बचाव करने आया तो राजा ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी राजा मौके से फरार हो गया। इसके बाद सूचना मिली तो पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 10 हजार रुपए का इनाम भी रखा था।

फोन स्विच ऑन करते ही पता चली लोकेशन

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। इसके बाद लगातार पुलिस उसे ढूंढ़ने में लगी रही, लेकिन उसका पता नहीं चला। उसने अपना फोन भी बंद कर लिया था। मगर देर रात उसने अपना फोन स्विच ऑन किया और उसकी लोकेशन पता चल गई। इस तरह उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मक्के के खेत में छिपा था। पुलिस से भाग रहे आरोपी को देर रात दबोचकर गिरफ्तार किया गया।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker