लखनऊ में सीएम आवास के पास फिरोजाबाद की महिला ने खाया जहर, सिविल अस्पताल में भर्ती

मकान पर कब्जा करने और पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर फिरोजाबाद के सुखाबाद रुकुंदपुरपर की रहने वाली रुखसाना ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री आवास के पास मच्छर मार दवा पीकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर महिला को सिविल अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया है। अभी वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि रुखसाना अकेले ही ट्रेन से न्याय की आस में लखनऊ आई थी। यहां पर वह मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाना चाहती थी। शनिवार सुबह वह मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंची और मच्छर मार दवा पी ली। उसकी हालत बिगड़ी तो पुलिस कर्मियों ने सिविल अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया।

पुल‍िस-प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप

रुखसाना के मुताबिक, उसके पति रफीक का निधन कोरोना काल में हो गया था। इसके बाद जेठ के लड़के रियाजुद्दीन ने मकान पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। वह नहीं मानी तो चार लाख रुपये देने की बात कही। आरोप है कि फर्जी बैनामा करा लिया गया। रुखसाना ने घर में आग लगाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि वह पांच वर्ष से लगातार न्याय के लिए अफसरों की चौखट पर दौड़ रही है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। पुलिस से लगाकर प्रशासन तक के अधिकारियों ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं सुना। एक बार पूर्व में भी वह लखनऊ आई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो पाई थी। रुखसाना के तीन बच्चे हैं। उसका कहना है कि वह अकेले लड़ते-लड़ते हार गई है, इसलिए उम्मीद खत्म हो गई और उसने जान देने की कोशिश की।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker