भाजपा पार्षद पर ताबड़तोड़ चली गोलियां, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

लेबर कॉलोनी के पार्षद पर मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। एक गोली पैर में लगने से वह घायल हो गए। वहीं दूसरी गोली पेट से रगड़ कर निकल गई। उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर से आगरा रेफर किया गया है।

घटना सुबह छह बजे की है। थाना लाइनपार क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में रहने वाले भाजपा पार्षद अलीम भोला प्रतिदिन की तरह टहल रहे थे। फ्लाईओवर पर तीन लोगों ने उन्हें घेर कर फायरिंग शुरू कर दी। जिससे आसपास टहल रहे अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से पार्षद वहीं गिर पड़े।

बाइक से फरार हो गए हमलावर

इसके बाद हमलावर बाइक से शहर की ओर भाग गए। मौके से कारतूस के चार खोखे बरामद हुए हैं। जानकारी होने पर उनके स्वजन और भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा मौके पर पहुंचे। वे उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर आए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।

रंजिश के कारण हुआ हमला

पार्षद के स्वजन ने बताया कि उनकी मुहल्ले के ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। पहले भी जानलेवा हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसका मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है। इंस्पेक्टर ऋषि कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन ने आरोप लगाया है, लेकिन अभी तहरीर नहीं आई है। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker