मुस्लिम समाज के 50% लोगों को कुरान की जानकारी, हिंदुओं को नहीं पता गीता में कितने अध्याय: बाबा रामदेव

योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि युवाओं को सदैव उत्साह से लबरेज रहना चाहिए। युवाओं को अपनी ऊर्जा को उसे सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। युवाओं में शौर्य, वीरता और पराक्रम के साथ विनम्रता भी होनी चाहिए।

बाबा रामदेव ने सनातन धर्म के चारों वर्णों के बारे में बताते कहा कि जब तक राम और कृष्ण के वंश के लोग जिंदा हैं तब तक विधर्मी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकते। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह अपने धार्मिक ग्रंथों के बारे में जानकारी जरूर रखें।

हमें कंठस्थ होने चाहिए गीता के प्रमुख श्लोक

मुस्लिम समाज के 50 प्रतिशत लोगों को कुरान की जानकारी होती है लेकिन हिंदू समाज को हमारी गीता में कितने अध्याय हैं इसकी भी ठीक से जानकारी नहीं होती। गीता के प्रमुख श्लोक हमें कंठस्थ होने चाहिए।

रामदेव ने धामी सरकार की ओर से सनातन धर्म को लेकर उत्तराखंड में किए गए कार्यों के लिए उनका आभार जताया। इससे पूर्व युवा धर्म संसद का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राम जन्मभूमि न्यास समिति के महामंत्री चंपत राय और योगगुरु बाबा रामदेव ने संयुक्त रूप से किया।

बाबा रामदेव सेवाज्ञ संस्थानम की ओर से पतंजलि विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित दो दिवसीय युवा धर्म संसद के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। इस दौरान राम जन्मभूमि न्यास समिति के महामंत्री चंपत राय ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्म सम्मेलन में दिए गए भाषण के बारे में जानकारी दी।

स्वामी विवेकानंद ने दुनिया में मनवाया सनातन का लोहा

बताया कि उस वक्त स्वामी विवेकानंद ने कैसे सनातन संस्कृति का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया था। उन्होंने सहिष्णुता को लेकर स्वामी विवेकानंद की ओर से धर्म सम्मेलन में जो व्याख्या की गयी थी उसके बारे में भी युवाओं को विस्तार से जानकारी दी। चंपतराय ने कहा कि सभी को स्वामी विवेकानंद की शक्ति प्राप्त है बस उसे पहचानने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि राष्ट्रहित के लिए सदैव अग्रणी भूमिका में बने रहें।

मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागेदारी सुनिश्चित करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन धर्म को विश्व में पहचान मिल रही है। कई राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्ष सनातन संस्कृति से प्रभावित होकर उसे अपना रहे हैं। सनातन संस्कृति की योग विद्या को पूरी दुनिया अपना रही है।

प्रधानमंत्री के 2047 के विकसित भारत के संकल्प को हमें मिलकर कामयाब करना है। आने वाले 25 साल की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर है, वह हमारी युवा शक्ति ही है। युवा शक्ति को संगठित होकर राष्ट्रभाव समर्पित होना होगा। आज राष्ट्र को युवा शक्ति की जरूरत है। युवा देश की तरक्की और उन्नति के लिए सही दिशा में काम करे तो वह दिन दूर नहीं जब भारत फिर से विश्वगुरू बन जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदार और कर्तव्यपरायण भी बनना होगा।

युवा धर्म संसद मील का पत्थर

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि नींव को मजबूत करने के लिए यह युवा धर्म संसद मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विस्तार से यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को कैसे प्रोत्साहन दे रही है। स्टार्टअप को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते कहा कि वह जिस क्षेत्र में भी जाए राष्ट्र भावना को सर्वोपरि रखें। अपने संकल्प में कोई विकल्प न रखें।

विकल्प आने पर संकल्प समाप्त हो जाता है और मंजिल दूर हो जाती है। हमें रोजगार देने वाले युवा बनना है, मिलकर प्रयास करना होगा। मनुष्य अनंत शक्ति का भंडार है। सिद्धपीठ श्री हनुमन्निवास अयोध्या आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण महाराज ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चैधरी, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, सीडीओ आकांक्षा कोंडे, उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की आशीष मिश्रा, पूर्व विधायक सुरेश राठौर, बजरंग दल के राजेंद्र पंकज सहित प्रोफेसर रामनाथ झा, ऋषिकेश उपाध्याय, बजरंग देव, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल और शोभाराम प्रजापति आदि मौजूद रहे। युवा धर्म संसद में 24 राज्यों के युवा भाग ले रहे हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker