ओडिशा में एक ही परिवार के चार सदस्यों को सांप ने काटा, तीन बहनों की मौत, पिता की हालत गंभीर

ओडिशा के बौध में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार में चार लोगों को सांप ने काट लिया। सांप काटने की वजह से तीन सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं उनके पिता की भी हालत गंभीर बताई गई है। तीन बहनों के नाम सुधिरेखा (13 साल), शुभरेखा मलिक (12 साल) और सौरभी मलिक (3 साल) हैं।

घटना रविवार रात की है। तीकरपाड़ा पंचायत के तहत आने वाले चारियापाली गांव के रहने वाले सुरेंद्र मलिक अपने परिवार के साथ सो रहे थे। रात में जब उनकी बेटियों की तबीयत बिगड़ने लगे तो पूरा परिवार जाग लगा। बच्चियों को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। सुलेंद्र ने देखा की पास ही एक सांप रेंग रहा है। उन्होंने मदद के लिए पत्नी को बुलाया। तुरंत चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया। तीनों बच्चियों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वहीं सुलेंद्र को बौध जिला अस्पताल से VIMSAR मेडिकल कॉलेज बुरला रेफऱ किया गया है। जानकारी के मुताबिक सुलेंद्र की भी हालत नाजुक बनी हुई है।

डॉक्टरों का कहना है कि संभव है करैत सांप ने तीनों बहनों को डसा हो। ओडिशा में हर साल करीब 2500 से 6 हजार लोगों को सांप काटता है। इनमें से 400 से 900 लोग हर साल मर जाते हैं। 2023-24 में कम से कम 1011 लोगों की सांप काटने से मौत हो गई। वहीं इस साल भी अब तक 240 लोगों की जान सांप काटने की वजह से जा चुकी है। ओडिशा सरकार सांप काटने से मरने वाले लोगों के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि देती है।

साइलेंट किलर कहा जाता है करैत

करैत सांप बेहद जहरीला होता है। इसके काटने के कुछ ही घंटों में व्यक्ति की मौत हो जाती है। कॉमन करैत कोबरा से पांच गुना ज्यादा जहरीला होता है। इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है। दरअसल इसके काटने पर ज्यादा दर्द नहीं होता है। ऐसे में बहुत सारे लोगों को पहले पता ही नहीं चलता है। कहा जाता है कि जमीन पर सोने वालों को यह सांप ज्यादा काटता है। ये अकसर रात को निकलते हैं। वहीं शरीर की गर्मी पाकर वे पास आ जाते हैं और करवट बदलते ही काट लेते हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker