रेलवे पुल से बाढ़ का जायजा कर रहे चंद्रबाबू नायडू के बगल से गुजरी तेज रफ्तार ट्रेन, देंखे वीडियो

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बाढ़ से तबाह हुए लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान वह एक रेलवे पुल से उफनती नदी का सर्वेक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उनके ठीक बगल से एक ट्रेन तेजी से गुजरी। आपको बता दें कि विजयवाड़ा में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के बाद नायडू ने राहत कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के लिए बाढ़ प्रभावित स्थानों का कई बार दौरा किया है।

चंद्रबाबू नायडू गुरुवार को विजयवाड़ा में एक छोटे से रेलवे पुल के ऊपर से बाढ़ की स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से आकलन कर रहे थे। उनके साथ कई अधिकारी और एनएसजी कमांडो भी थे। इसी दौरान एक ट्रेन तेजी से गुजरी। इस दौरान नायडू एक संकीर्ण प्लेटफॉर्म पर पुल की रेलिंग के पास खड़े थे। वह बेफिक्र थे।

आपको बता दें कि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बुडामेरु नामक छोटी नदी के तटबंध में आई दरार को बंद करने के लिए भारतीय सेना की ‘इंजीनियरिंग टास्क फोर्स’ युद्ध स्तर पर काम कर रही है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस घटना के बाद शहर में बाढ़ आ गई थी। दो दरारों को बंद कर दिया गया है तथा तीसरी दरार को भरने के संबंध में टास्क फोर्स, राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

सरकार ने कहा, ‘‘भारतीय सेना की ‘इंजीनियरिंग टास्क फोर्स’ दरारों को बंद करने में लगी हुई है। अधिकारियों ने युद्ध स्तर पर दो दरारों को बंद कर दिया है और सेना के अधिकारियों के सहयोग से तीसरी दरार को भरने का काम किया जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की और दरारों को बंद करने में हुई प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों को शामिल करके तीसरी दरार को यथाशीघ्र बंद करने के निर्देश दिए तथा बिजली आपूर्ति को बहाल करने, दूरसंचार सिग्नल कनेक्टिविटी और टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए छह आवश्यक वस्तुओं के वितरण के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सामान पैक कर लिया गया है तथा वितरण शुरू हो गया है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker