दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया कोकीन तस्कर , पेट से निकले 63 कैप्सूल, कीमत जान सब हैरान

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तंजानिया के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति को कथित तौर पर मादक पदार्थ ले जाने के शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। बाद में पता चला कि उसने कोकीन के कैप्सूल निगले हुए हैं। मेडिकल जांच हुई तो सही पाया गया। कैप्सूल में भरे मादक पदार्थ की कीमत लगाई गई तो करोड़ों रुपये निकली। इससे सब हैरान हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि तंजानिया के एक शख्स को हमने एक अगस्त को दार एस सलाम (तंजानिया) से अदीस अबाबा और दोहा होते हुए दिल्ली पहुंचने पर पकड़ा है।

सीमा शुल्क विभाग ने एक बयान में कहा है कि जांच के दौरान यात्री ने अधिकारियों के सामने कबूल किया कि उसने नशीले पदार्थ से बने हुए 63 कैप्सूल निगले हैं। मामले की जानकारी लगने के बाद यात्री को मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसके शरीर से 63 कैप्सूल निकाले। शरीर से निकले इन कैप्सूल को काटा गया तो उनमें 998 ग्राम सफेद रंग का पाउडर मिला।

सुरक्षा एजेंसी के लोगों को इस सफेद पाउडर के मादक पदार्थ होने का शक था। इसलिए इसकी जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि कैप्सूल से निकला सफेद पाउडर कोकीन है। सीमा शुल्क विभाग ने अपने बयान में बताया कि 998 ग्राम कोकीन की अनुमानित कीमत 14.97 करोड़ रुपये है। फिलहाल यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से बरामद किया गया मादक पादर्थ भी जब्त कर लिया गया है।

कोकीन सफेद रंग का पदार्थ होता है। इसे कोका नामक पौधे की पत्तियों से प्राप्त किया जाता है। यह एक उत्तेजक पदार्थ है। इससे शरीर में उत्तेजना पैदा होती है। लोग अपने आपको उत्साही और ताकतवर महसूस करने लगते हैं। अक्सर इसे नशे के लिए इस्तेमाल करते हैं। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker