मूसलाधार बारिश और लैंड स्लाइडिंग का डर, उत्तराखंड का बिगड़ा मौसम इन 6 जिलों में बढ़ी चिंता

उत्तराखंड के लिए टेंशन वाली खबर है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर के साथ ही नैनीताल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, बाकी सात जिलों में बारिश से कुछ राहत की उम्मीद है। उत्तराखंड में छह अगस्त तक इस तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं। इसके बाद बारिश में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने राज्य में इस दौरान संवेदनशील इलाकों पर हल्के से मध्यम भूस्खलन की आशंका जताई है।

दून में दो डिग्री तक बढ़ सकता है पारा

दून में शनिवार को दिन के तापमान में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यहां शुक्रवार को भी दिनभर धूप खिली रही। दिन का तापमन 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, आज शनिवार को तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है। इसके साथ ही, चारधाम या दूसरे रूटों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

प्रदेश में उफान पर आ सकते हैं हिमालयी नदी-नाले

मौसम विभाग के मुताबिक, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश से बर्फ पिघलने पर हिमालयी नदियों और नालों के प्रवाह में अचानक तेजी आ सकती है। इससे नदी किनारे भू-कटाव के साथ बाढ़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। उधर, शुक्रवार को टिहरी के चंद्रबदनी में 59.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जो राज्य में सर्वाधिक रही। ताकुला में 58, मसूरी में 43.5, झाझरा में 34, आशारोड़ी में 32 एमएम और पौड़ी गढ़वाल के परसुंडाखाल में 21.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

मसूरी में बारिश से नालियां उफान पर

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में शुक्रवार सुबह धूप खिली रही। शाम को तेज बारिश होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। नालियां चोक होने से पानी भी सड़कों पर बहने लगा। इससे पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माल रोड पर भी जगह-जगह पानी भरने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker