कर्नाटक के पुत्तूर में भूस्खलन, नेशनल हाईवे 275 पर ट्रैफिक बाधित, मलबा हटाने का काम शुरू

केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड की घटना के बाद से भूस्खलन की खबरें डराने लगी हैं। ताजा मामले में कर्नाटक में शुक्रवार को पुत्तूर बाईपास के पास भूस्खलन हुआ है, इसकी वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 275 पर ट्रैफिक बाधित हुआ है।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया है कि भूस्खलन शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। भूस्खलन के बाद मैसूर और मंगलुरु जाने वाली गाड़ियों को पुत्तूर कस्बे से होकर गुजरना पड़ा।

हाईवे के ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया

पुलिस के मुताबिक, भूस्खलन में किसी भी व्यक्ति या वाहन के फंसने की घटना नहीं हुई। भूस्खलन स्थल के दोनों तरफ बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं, जिससे पुत्तूर शहर से होकर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। शहर की पुलिस ने भी ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए हैं।

स्टेट हाईवे विभाग ने मलबा हटाने का काम शुरू किया

स्टेट हाईवे विभाग ने खुदाई मशीनों और श्रमिकों के दल को भेजकर सुबह मलबा हटाने का काम शुरू किया। वहीं, कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने तटीय और आंदरूनी तटीय क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की है।

वायनाड में भूस्खलन से 308 लोगों की मौत

उधर केरल में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त है। वायनाड में भूस्खलन के चलते 308 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। घायलों को सही ढंग से निकालने के लिए एक उन्नत लाइट हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker