MP के कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार हंगामा, अफसरों के सामने महिलाओं ने उतारे कपड़े, जानिए पूरा मामला…

शादी वाले दिन चोरी के आरोप में पकड़े गए एक आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत को लेकर मध्य प्रदेश के गुना में परिवार का आक्रोश थम नहीं रहा है। मृतक के परिवार की महिलाओं ने न्याय मांगते हुए मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार हंगामा किया। आक्रोशित महिलाओं ने अपने कपड़े भी उतार दिए। किसी तरह उन्हें समझाकर वापस भेजा गया। कलेक्टर डॉ. सतेंद्र सिंह ने उन्हें सही जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

गुना जिले की झांगर चौकी पुलिस ने देवा पारदी और उसके चाचा गंगाराम पारदी को रविवार को पकड़ा था। उसी दिन देवा की बारात गुना शहर के गोकुल सिंह चक्क में जाना थी। रात में परिवार को देवा की मौत की सूचना मिली। मिनी ट्रक में भरकर महिलाएं जिला अस्पताल पहुंच गईं। देवा की दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। चाची सूरजबाई ने खुद को आग लगा ली। दूसरे दिन सोमवार को भी परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम भोपाल में कराने की मांग पर अड़ गए। मजिस्ट्रियल जांच के भरोसे पर वे माने।

मृतक देवा के परिजन गुना के कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई में पहुंचे थे। परिवारजनों ने कलेक्टर से न्याय की मांग करते हुए अपना आक्रोश जाहिर करना शुरू कर दिया। महिलाओं को पहले अंदर आने से ही रोक दिया गया था। इस पर उनका आक्रोश और ज्यादा बढ़ गया। देखते ही देखते उन्होंने अपने कपड़े उतार दिए। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई। घटना के बाद कलेक्ट्रट भवन को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पीड़ित परिवार की महिलाओं को बल पूर्वक बाहर करने की कोशिश की गई। इसमें कुछ को मामूली चोटें भी आईं।

एडिशनल एसपी मान सिंह ठाकुर का कहना है कि म्याना इलाके के भिड़रा गांव में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ के लिए देवा पारदी और गंगाराम पारदी को पुलिस ने हिरासत में लिया था। रविवार शाम दोनों को चोरी हुए सामान की रिकवरी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान देवा के सीने में दर्द उठा। उसे म्याना के अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल लाया गया। यहां 45 मिनट तक उसका इलाज चला। सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बता दें देवा पर 7 अपराध दर्ज हैं। पुलिस जब उसे ले गई, तब वह दूल्हे के लिबास में था। उसकी बारात जाने वाली थी। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker