बेटी के प्रेम संबंध की राह में रोड़ा रही माँ को युवक ने चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

खेसरहा थाना क्षेत्र में चार दिन पहले चाकू से गोदकर हुई 65 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। हत्यारा महिला की बेटी का प्रेमी है। महिला उसके प्रेम संबंध की राह में रोड़ा बन रही थी।

एक बार महिला के कहने पर ही उसके बड़े बेटे ने हत्यारोपित व बेटी की पिटाई की थी। दोनों इसके बाद भी मान नहीं रहे थे। इसे लेकर महिला ने बेटी व उसके प्रेमी को फिर चेतावनी दी थी कि वह अपने बड़े बेटे को इसकी जानकारी जरूर देगी। इसे लेकर बेटी के प्रेमी ने महिला के पीठ व गर्दन पर चाकुओं से वार करके उसकी हत्या कर दी।

शनिवार की रात महिला अपने घर पर अकेले थी। वह बरामदे में सोई हुई थी। रात में किसी ने चाकू से उसके पीठ व गर्दन पर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दिया। पुलिस ने इसकी छानबीन शुरू की। उसने घर के सभी व्यक्तियों के फोन का सीडीआर निकलवाना शुरू किया। उसमें प्रथमदृष्टया पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा।  दुबारा से सभी फोन के सीडीआर को खंगालना शुरू किया तो उसमें दिखा कि इधर महिला की उसकी बेटी से लगातार बात हो रही थी। वह भी लंबी बात।

पुलिस ने उसकी बेटी का सीडीआर निकलवाया तो पता चला कि वह खेसरहा थाने के ही बरगदवा निवासी विनोद कुमार वर्मा से लगातार बात करती थी। विनोद इस समय थाना क्षेत्र के नासिरगंज में रह रहा था। घटना की रात उसका मोबाइल मृतका के गांव के पास ट्रेस हुआ था। पुलिस ने गुरुवार की सुबह विनोद को पकड़कर उससे पूछताछ शुरू की तो उसने सारी सच्चाई उगल दी।

ऐसे दिया घटना को अंजाम

विनोद को महिला की बेटी के जरिये यह पता चल गया था कि शनिवार की रात में महिला अपने घर पर अकेले रहेगी। उसका बड़ा बेटा दो वर्ष से अपने परिवार के साथ मुंबई में रह रहा था। छोटा उसके साथ रहता था। वह भी शनिवार को पत्नी के उपचार के लिए संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र गया हुआ है।

विनोद मौका देखकर रात में अपनी बाइक से महिला के गांव पहुंच गया। वहां पुलिया पर उसने अपनी बाइक खड़ी कर दी और रात में महिला के घर पहुंचते ही उसने बल्ब को फोड़कर अंधेरा कर दिया। महिला अपने बरामदे में सोयी हुई थी। उसके बाद चाकू से उसकी पीठ पर कई वार करके उसने महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने विनोद के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया और उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। विनोद की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक खेसरहा रविंद्र सिंह सहित खेसरहा थाना पुलिस व एसओजी की टीम शामिल रही।

शुरुआत में पुलिस टीम को इसमें कुछ इनपुट नहीं मिला। बाद में टीम ने सभी बिंदुओं पर काम करना शुरू किया। सर्विलांस टीम का भी प्रयोग किया गया। कुछ कार्य थाना पुलिस को सौंपा गया और कुछ सर्विलांस व एसओजी टीम को। सभी के पास से मिली सूचनाओं को एक साथ जोड़ने से घटना का पर्दाफाश हो गया।- प्राची सिंह पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker