पटना में स्कूलों का समय बदला, मौसम बदलने के बाद डीएम ने आदेश किया जारी

बिहार की राजधानी पटना में स्कूलों का समय बदल गया है। मौसम बदलने के बाद पटना के डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने यह फैसला लिया। जिलाधिकारी द्वारा गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम में सुधार को देखते हुए अब स्कूल अपने स्तर पर सामान्य तरीके से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन कर सकेंगे। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है। बता दें कि भीषण गर्मी एवं हीटवेव के चलते पिछले महीने पटना में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया था। इसके तहत 12वीं तक के स्टूडेंट्स की 11.30 बजे के बाद कक्षाएं चलाने पर रोक लगाई गई थी।

पटना समेत बिहार में बीते दो दिनों से मौसम में बदलाव के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बीते 24 घंटे के भीतर दिन का तापमान तेजी से गिरा है। पटना में अधिकतम तापमान लुढ़ककर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते दिनों यह 40 डिग्री के पार चला गया था। मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में अगले 48 घंटे तक बारिश एवं वज्रपात की आशंका जताई है। 

बता दें कि बीते एक महीने से राज्य में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल था। अप्रैल महीने में पटना डीएम ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी, निजी स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 11.30 से शाम 4 बजे तक कक्षाएं चलाने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद एक बार फिर 11वीं एवं 12वीं के स्टूडेंट्स की भी 11.30 बजे तक छुट्टी करने का आदेश जारी हुआ। अब गर्मी से राहत मिलने के बाद स्कूलों की टाइमिंग सामान्य हो गई है। स्कूल संचालक पूरे दिन कक्षाओं का संचालन कर सकेंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker