जन्मदिन पर बुलाकर किशोरी को पिलाई नशीली कोल्ड ड्रिंक, युवक ने किया दुष्कर्म

बलिया में नाबालिग किशोरी को उसकी सहेली ने ही बर्थ डे के बहाने बुलाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। किशोरी के नशे में होने पर सहेली के यहां पहुंचे युवक ने रेप किया। किशोरी के नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ इतनी ज्यादा दरिंदगी की गई कि उसकी हालत बिगड़ गई। उसे पहले बलिया के ही अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से हालत बिगड़ने पर आजमगढ़ रेफर कर दिया गया है। किशोरी की मां की तहरीर पर सहेली और युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की बात कही है।
रसड़ा इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि तीन मई को उसकी 14 वर्षीय बेटी कोचिंग से निकलकर घर आ रही थी। कृषि मंडी के पीछे रहने वाली उसकी सहेली जन्मदिन में शामिल होने की बात कहकर उसे अपने घर लेकर चली गई। वहां साजिश के तहत बेटी को कोई नशीला पदार्थ पिला दिया गया। इससे किशोरी बेहोश हो गई।
इसके बाद उत्तर पट्टी निवासी युवक आनंद साहनी ने किसोरी के साथ दरिंदगी की। किशोरी का रक्तस्राव होने लगा तो सहेली और युवक उसे एक निजी अस्पताल में ले गए। हालत में सुधार नहीं हुआ तो बेटी को ऑटो से घर पहुंचा दिया। पीड़िता की मां के अनुसार पूछताछ में सहेली ने बताया कि वह सिकंदरपुर की रहने वाली है तथा भगत सिंह तिराहा पर किराए पर रहती है।
कड़ाई से पूछताछ में सही पता बताया और कहा कि यह सब युवक के कहने पर किया है। पीड़िता की मां के अनुसार बेटी को बलिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से आजमगढ़ रेफर कर दिया गया है। कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी का कहना है कि केस दर्ज कर जांच और आरोपियों की तलाश की जा रही है।