फेरे लिए और मांग भरी, फिर लग्न बेदी को लात मार दुल्हन को छोड़ गया दूल्हा, जानिए पूरा मामला

मध्य प्रदेश के खरगोन में एक शादी समारोह में उस समय मासूसी छा गई, जब दूल्हे ने दुल्हन संग फेरे लेने और मांग भरने के बाद अचानक लग्न वेदी को लात मार दी। इसके बाद दूल्हा दुल्हन को छोड़ कर चला गया और बारात भी खाली हाथ लौट गई। शनिवार देर रात हुए घानाक्रम के बाद बैंक्वेट हॉल में हंगामे की स्थिति बन गई। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर दहेज में 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। बात यहीं खत्म नहीं हुई देर रात दुल्हन पक्ष ने शहर कोतवाली पहुंचकर दूल्हे सहित उसके पिता व अन्य लोगों को खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया है। इस सदमे से बेहोश हुई दुल्हन को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

खंडवा निवासी दुल्हन की मां रेखा मंडलोई ने बताया कि उनकी बेटी रक्षा का विवाह खरगोन निवासी आनंद गराशे से तय हुआ था। करीब दो साल पहले सगाई हुई थी। शनिवार रात दोनों की शादी शहर के नूतन नगर स्थित बैंक्वेट हॉल में हो रही थी। इसमें शादी के बाद लगन के समय दूल्हे आनंद गराशे और उसके पिता कसल गराशे, बलराम गराशे, श्याम गराशे, भरत गराशे ने दहेज के रूप में 20 लाख रुपये देने की मांग की, जो हम नहीं दे सके। इस पर पहले दूल्हे के परिजन कार्यक्रम स्थल से चले गए। बाद में उन्होंने दूल्हे को मोबाइल फोन पर कॉल किया। इस पर दूल्हे आनंद ने फेरे लेने और दुल्हन की मांग भरने के बाद तलवार निकाली और लग्न वेदी को लात मारी और वह भी शादी छोड़ कर चला गया।

दुल्हन पक्ष ने किया विवाद

दूल्हे के भाई भरत गराशे ने बताया कि हमने दहेज की मांग पूरी नहीं की है। हमारे बीच पहले तय हुआ था कि कुछ लोगों को शादी में नहीं बुलाना है, बावजूद इसके दुल्हन पक्ष ने उन लोगों को शादी में बुलाया। इस पर दूल्हा स्टेज पर नहीं बैठना चाहता था, लेकिन दुल्हन के मामा पक्ष ने दूल्हे के साथ विवाद किया और अपशब्द भी कहे।

दुल्हन के परिजनों ने बताया कि पहले हमने दूल्हा पक्ष को खंडवा बारात लाने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने हमें खरगोन बुलवाया। उनकी मांग अनुसार हमने कर्ज लेकर बैंक्वेट हॉल, दावत और दहेज के सामान की व्यवस्था की थी। शादी हो जाने के बाद अचानक दूल्हे के पिता, ताऊ और अन्य परिजनों ने 20 लाख रुपए की मांग करने लगे, जो हम पूरी नहीं कर पाए। इस पर वे लोग शादी समारोह छोड़कर चले गए। विवाद होने से पहले उन्होंने सारे कैमरे बंद करवा दिए थे। इस पर शनिवार देर रात को थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई।

बेहोश हुई दुल्हन

शादी समारोह में हुए हंगामे के बाद दुल्हन रक्षा मंडलोई बेहोश हो गई। उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। रविवार सुबह भी अस्पताल में हंगामे की स्थिति बनी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूल्हा व उसके साथ महिलाएं अस्पताल आई थीं। दूल्हे ने बदहवास हाल दुल्हन रक्षा का हाथ पकड़ा और महिलाओं ने हंगामा किया। वे समझौता करने का दबाव बना रहे थे।

इधर कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई  ने बताया कि दुल्हन पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।फिलहाल मामले की विवेचना की जा रही है। इसके बाद गिरफ्तारियां की जाएगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker