यूपी में हल्की बारिश और ठण्डी हवा से मौसम हुआ सुहाना, IMD ने अलर्ट किया जारी

पहले चरण के शुक्रवार को हो रहे मतदान में वोटरों को तेज धूप, तपिश, लू नहीं सताएगी बल्कि इन इलाकों में बदली, हल्की बारिश और ठण्डी हवा से मौसम खुशगवार रहेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिन इलाकों में मतदान होना है, उनमें से पीलीभीत और मपुर छोड़कर सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर,मेरठ और मुरादाबाद इलाकों में बादल छाये रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने या बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दरम्यान तेज हवा भी चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार हवा के दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे सूबे के पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की फुहार पड़ेगी। इसके असर से हवा का रुख पश्चिम से पूर्व की बजाए एक दो दिन पूर्व से पश्चिम रहेगा। ऐसे में हवा में नमी की मात्रा बढ़ जाएगी। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। उमस भी बढ़ जाएगी। हाल में यूपी से गुजरे पश्चिमी विक्षोभ से दो दिनों से तेज सतही हवा चल रही थी। गुरुवार तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा। इस बीच अधिकतम पारा 39.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम पास सभी सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री दर्ज किया गया।

लू के लिए गाइड लाइन जारी

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण उपाध्यक्ष ले.जनरल योगेन्द्र ने बताया कि लू से बचाव की कार्ययोजना में हर विभाग की जिम्मेदारी तय की गई है। लोगों को बताया जा रहा है कि दोपहर में अनावश्यक न निकलें, हल्के-पूरी आस्तीन वाले सूती कपड़े पहनें, तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

तेज हवाओं से उड़ी बिजली

तेज हवाओं से गुरुवार राजधानी के कई इलाकों की घंटों बिजली उड़ गई। हरदोई रोड ट्रांसमिशन से काकोरी उपकेंद्र की लाइन ब्रेकडाउन हो गया। दो घंटे बिजली गुल रही। दुबग्गा, रहीमाबाद, मलिहाबाद सहित कई इलाकों में बिजली की आवाजाही लगी रही।

सूबे में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा आगरा

अप्रैल के महीने में आगरा में गर्मी सभी रिकार्ड तोड़ रही है। गुरुवार को फिर से ताजनगरी प्रदेश में दूसरे सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल रही। यहां दिन का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। ये प्रदेश के सबसे गर्म शहर प्रयागराज से कुछ ही प्वाइंट पीछे है। वहीं, मथुरा तीसरे सबसे गर्म शहरों की सूची में रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश या गरज के साथ बौंछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

ताजनगरी के लोगों को जून-जुलाई की गर्मी का एहसास करा दिया है। त्वचा को जलाने वाली तेज धूप से हालत खराब है। गर्म लू के थपेड़े परेशान कर रहे हैं। ऐसे में फील्ड वर्क और स्कूली बच्चों की हालत खराब हो रही है। दोपहर के समय कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। लोगों को एसी में राहत मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को ताजनगरी का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी उछाल भरते हुए 23.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके साथ ही प्रदेश में सबसे गर्म प्रयागराज का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मथुरा-वृंदावन का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस है।

सीजन का सबसे गर्म दिन आज

ताजनगरी में गुरुवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है। चार अप्रैल और 11 अप्रैल को ताजनगरी प्रदेश में सबसे गर्म शहरों की सूची में रहा था। उसके बाद प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा था। लेकिन, दोनों ही दिनों में तापमान 40 और 41 डिग्री के आसपास था। लेकिन, गुरुवार को तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश या गरज के साथ बौंछारों की संभावना है। इससे तापमान में भी गिरावट होगी। शनिवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहने की आंशका है। रविवार से चार दिनों तक फिर मौसम खुला रहेगा।

पारा 42 पार , सूबे में फिर सबसे गर्म रहा शहर

प्रयागराज में मौसम का मिजाज हर दिन तल्ख होता जा रहा है। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। गुरुवार को पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिन में धूप इतनी तेज थी कि लगे आसमान से आग बरस रही हो। गुरुवार को दिन की शुरुआत पिछले कई दिनों की तरह तेज धूप से हुई। सूरज की किरणें शरीर को चुभ रही थीं। दिन चढ़ने के साथ-साथ पारा भी चढ़ता गया। सुबह 10 बजे 38 डिग्री सेल्सियस तो 11 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में जो भी जरूरी काम से बाहर निकला वह धूप और गर्मी से परेशान दिखा।

सड़क पर ज्यादातर लोग धूप से बचने के लिए चेहरा कपड़े से ढंके रहे। धूप और गर्मी का असर यह रहा कि दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा जैसा नजारा रहा। दिन में तेज हवा भी चली लेकिन थोड़ी देर में ही वह थम गई। दिन के ढलते-ढलते पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस सीजन का और प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ आगरा दूसरे स्थान पर आंका गया। इससे एक दिन पहले 40.0 डिग्री सेल्सियस पारा के साथ जनपद सूबे में दूसरे स्थान पर था। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आगामी 24 घंटे तक मौसम तल्ख बना रहेगा। दोपहर में तेज हवा चलने कीसंभावना है।

बाजार में बढ़ी सनस्क्रीन लोशन की मांग

गर्मी ने कहर दिखाना शुरू कर दिया है। सूरज की तीखी धूप त्वचा को झुलसा रही है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। ऐसे में सन स्क्रीन लोशन की मांग बढ़ गई है। सबसे अधिक मांग 50 एसपीएफ (सन प्रोटेक्शन फैक्टर) क्रीम की है। चौक स्थित सौंदर्य प्रसाधन के दुकानदार शाहीन ने बताया कि थोक में 400-500 पीस सनस्क्रीन क्रीम की बिक्री प्रतिदिन हो रही है। अलग-अलग कंपनियों के यह लोशन 200 से 1000 रुपए में प्रति पीस हैं। कटरा स्थित सौंदर्य प्रसाधन के दुकानदार अभिनव गुप्ता, विकास कुमार ने बताया कि सूरज की किरणों से बचने के लिए स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के साथ ही युवाओं में सनस्क्रीन लोशन की मांग है। फुटकर दुकानों पर प्रतिदिन 8-10 पीस बिक्री हो रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker