पटना में IT भवन के निर्माण के दौरान हादसा, पत्थर के नीचे दबकर ठेकेदार और मजदूर की मौत

बिहार की राजधानी पटना में पत्थर के नीचे दब जाने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के अटल पथ पर राजीव नगर फ्लाई ओवर के पास घटी की है। आईटी विभाग के एक भवन के निर्माण में दोनों काम करते थे।  मरने वालों में एक लेबर सप्लायर ठेकेदार तो दूसरा मजदूर था। उनकी पहचान 30 वर्षीय गौतम यादव(ठेकेदार) और 20 वर्षीय दिलखुश कुमार(लेबर) के रूप में की गयी है। हादसे में कई अन्य मजदूरों के घायल हो जाने की भी सूचना है जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने पीएमसीएच भेज दिया है। मरने वाले दोनों लोग खगड़िया के निवासी  थे और पटना में रहकर काम करते थे। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई  है। हादसे की वजह से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। जानकारी के मुताबिक गौतम एक लेबर सप्लायर ठेकेदार है जो बड़े कॉन्ट्रैक्टर को मजदूर उपलब्ध करता था। भवन निर्माण में उपयोग के लिए ट्रक से राजस्थान से मार्बल पत्थर मंगाए गए थे। गौतम अपने लेबर की मदद से मार्बल को ट्रक से उतरवा रहा था। इसी के दौरान एक मार्बल ट्रक के ढाला से नीचे उतारते समय फिसल गया। गौतम और दिलखुश कुमार ने उसे संभालने की कोशिश की। उनके साथ साथी मजदूर भी लग गए। लेकिन मार्बल शीट को नहीं संभाल सके। गौतम और दिलखुश पत्थर को छोड़कर भाग भी नहीं सके और उसी के नीचे दब गए।

दोनों को पत्थर के नीचे दबा देख घटना स्थल पर हड़कंप मच गया। आस पास के लोग जुटकर उन्हें निकालने की कोशिश में जुट गए। लेकिन इसी बीच गौतम और दिलखुश ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पाटलिपुत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच पड़ताल की। उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। मरने वाले मजदूरों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की जा रही है। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker