मुजफ्फरपुर में मजदूर दंपती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सकरा वाजिद गांव में सोमवार की सुबह ब्रह्मस्थान के पीपल पेड़ में फंदे से लटकता दंपती का शव मिला। शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक वार्ड दस निवासी शिवनाथ दास (60 वर्ष) और उनकी पत्नी भुखली देवी (55 वर्ष) है। पुत्र रामबाबू दास ने पुलिस को बताया की उसके पिता विभिन्न समूहों से लगभग सात लाख रूपये कर्ज ले चुके थे, जिसे चुकाने के लिए  कंपनी के कर्मी काफी प्रताड़ित कर रहे थे। कर्ज चुकाने में नाकाम होने और कंपनी के कर्मी की प्रताड़ना से तंग आकर मां और पिता ने आत्महत्या कर लिया है। सरपंच कुंदन तिवारी उर्फ छोटू ने इसकी पुष्टि की है। 

सूचना पर पहुंची सकरा पुलिस ने दंपती के शव को पेड़ से नीचे उतारा। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने दंपत्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। सकरा थाना के एसआई राहुल कुमार रंजन ने बताया की दंपती ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लिया। फिलहाल कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की जानकारी मिल रही है। परिजनों के आवेदन के बाद पुलिस छानबीन कर आगे की कार्रवाई करेगी।

सात दिन से गायब थे दंपती

परिजनों के अनुसार, शिवनाथ दास और उनकी पत्नी भुखली देवी बीते एक सप्ताह से घर से गायब थे। परिजनों ने दोनों की कई जगहों पर काफी खोजबीन की थी। हालांकि दोनों का कुछ पता नहीं चला। बेटे ने बताया कि दोनों पर समूह लोन था। जिस कारण समूह के कर्मी घर पर आकर पैसा वापस करने का दबाव बना रहे थे। कई बार वे लोग माता- पिता के साथ दुर्व्यवहार भी करते थे।इससे परेशान होकर वे लोग घर से कहीं चले गए थे।

Back to top button