दरें निर्धारित फिर भी मुनाफाखोरी जारी, दोगुने दामों में बिक रहीं सब्जियां

हल्द्वानी: मानसून में टमाटर के बाद पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। फूल गोभी, शिमला मिर्च, बीन बाजार में सौ रुपये से ऊपर के दाम में बिक रही है।

सब्जियों के दामों को नियंत्रित करने के लिए अनुश्रवण समिति प्रतिदिन सुबह रेट लिस्ट जारी तो कर रही है, लेकिन बाजार में इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा। कारण कि कुछ सब्जियां रेट लिस्ट से कम दाम में तो कुछ दोगुने महंगे दाम में बिक रही है।

आम फुटकर व्यापारियों तक नहीं पहुंच पा रही रेट लिस्ट

कुछ दुकानदारों के पास तो समिति की जारी रेट लिस्ट की जानकारी तक नहीं है। जिस कारण आम लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

फुटकर व्यापारियों तक नहीं पहुंच रही रेट लिस्ट मंडी की ओर से फुटकर व्यापारियों के लिए जारी रेट लिस्ट अनुश्रवण समिति व प्रशासन भले ही इंटरनेट मीडिया में डालकर प्रसारित करने का प्रयास कर रहा हो, लेकिन वह आम फुटकर व्यापारियों तक रेट लिस्ट नहीं पहुंच पा रही है।

अनुश्रवण समिति के अधिकारियों ने कर्मचारियों की दूसरे कामों में डयूटी लगा दी है। जब खाली होते हैं तो वह दुकान-दुकान जाकर रेट लिस्ट देते हैं। नगर में एक हजार से अधिक छोटी बड़ी दुकानें व ठेले वाले हैं। सभी तक रेट लिस्ट न पहुंच पाने के कारण फुटकर व्यापारी मनमाने रेट से सब्जियां बेच रहे हैं।

शापिंग माल में रेट फुटकर बाजार से भी ज्यादा है। प्रशासन ठेले व्यापारी पर लगाम तो लगा रहा है, लेकिन शापिंग माल में अभी तक कोई झांकने तक नहीं गया। सबसे ज्यादा मुनाफाखोरी तो वहीं हो रही है।

सब्जियों के दाम

  • सब्जी -बाजार दर -समिति दर
  • आलू -20- 24
  • प्याज -30 -23
  • लौकी- 40- 30
  • कद्दू -43- 30
  • खीरा- 30 -25
  • तोरई -25- 30
  • करेला- 60- 35
  • भिंडी -45 -30
  • शिमला मिर्च -160 -90
  • टमाटर -110- 110
  • परमल -50- 45
  • बीन -140- 90
  • अदरक- 250- 195
  • नींबू -70- 60
  • फूल गोभी- 120 -70
Back to top button