मुंबई में 13 साल की लड़की को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने पर दो लोग हुए गिरफ्तार

मुंबई में 13 साल की लड़की को कथित तौर पर परेशान करने और धर्म बदलने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बच्ची की मां के मुताबिक, आरोपी पिछले कई दिनों से उसकी बेटी का पीछा कर रहे थे, उसे अश्लील इशारे करते और गालियां भी देते थे। एक रात उन्होंने उसे सोने के गहने और बुर्का देकर धर्म परिवर्तन करके उनसे शादी करने का दबाव भी बनाया था।

मुंबई के उपनगर भायंदर में 13 साल की एक लड़की को कथित रूप से परेशान करने और धर्म बदलने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची की मां के मुताबिक मुनव्वर मंसूरी (20) और अजीम मंसूरी एक जून से उसकी बेटी का पीछा कर रहे थे और अश्लील हरकत और गालियां दे रहे थे।

उसने कहा कि मुनव्वर उसकी बेटी को रात करीब 8:30 बजे एक इमारत की छत पर ले गया और उसे एक चेन, अंगूठी और बुर्का देकर उससे शादी करने के लिए दबाव डालने की कोशिश की। उसने लड़की को शादी के बंधन में बंधने के लिए उसके साथ भाग जाने को भी कहा। मां ने दावा किया कि जब लड़की ने मुनव्वर की बात मानने से इनकार किया तो उसने बंदूक तान दी और अपनी बेटी को गोली मारने की धमकी दी।

बाद में, लड़की ने पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को कानून की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है, जिसमें यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) भी शामिल है।

डीसीपी जयंत बजबाले ने कहा, “भायंदर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में कहा गया है कि एक नाबालिग लड़की को परेशान किया गया और दूसरे धर्म में परिवर्तित करने की धमकी दी गई। आरोपियों को POCSO और IPC की धारा 354 के तहत हिरासत में ले लिया गया है।”

डीसीपी बजबाले ने कहा, “लड़की को डराने के लिए इस्तेमाल की गई डमी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।” मामले की आगे की जांच चल रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker