देहरादून की जेल में दो कैदियों के बीच खूनी संघर्ष, एक घायल

सुद्धोवाला जेल में दो बंदियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक ने दूसरे पर कैंची से हमला कर दिया था। घायल बंदी को जेल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, हमले का आरोपी एक युवती की हत्या में जेल में बंद है। प्रेमनगर थाने के एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि हत्यारोपी आदित्य तोमर निवासी खेड़की शामली यूपी और चोरी का आरोपी विवेक चंदेल बैरक 8-ए में बंद थे।

शनिवार रात बैरक में बिस्तर लगाते वक्त दोनों के बीच बहस हो गई। तब बैरक राइटर ने मामला शांत कराया। लेकिन, रविवार सुबह करीब 7:10 बजे विवेक चाय पी रहा था, उसके पास ही बंदी नाई सिकंदर किसी के बाल काट रहा था। आरोप है कि आदित्य ने नाई की कैंची उठाई और विवेक पर हमला कर दिया। उसने कैंची से कमर और बाजू पर वार किए।

इस बीच सिकंदर ने किसी तरह कैंची छीनी। तभी सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और स्थिति संभाली। पीड़ित ने जेलर को तहरीर दी, जिसे प्रेमनगर थाने भेजा गया। रविवार देर रात इस मामले में धारा-307 का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जेलर पवन कोठारी ने बताया कि पुलिस के साथ जेल प्रशासन भी जांच रिपोर्ट बना रहा है।

हमलावर ने डांडा लखौंड में युवती को मारी थी गोली: आदित्य पिछले साल मार्च से सुद्धोवाला जेल में बंद है। उसने डांडा लखौंड स्थित सिद्धार्थ कॉलेज से पढ़ाई के दौरान सहपाठी युवती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आदित्य और वंशिका दोनों डी-फार्मा प्रथम वर्ष की पढ़ाई करते थे। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। वंशिका से उसकी कहासुनी भी हुई। सीनियर छात्रों ने स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की थी।

इसी बीच दो मार्च 2022 को वंशिका ने अपने परिचित सीनियर छात्रों को बुलाकर आदित्य को हिदायत दी। इससे नाराज आदित्य बाद में घर गया और तमंचा ले आया। उस दौरान वंशिका स्कूल के पास कैफे गई थी। तभी उसने वंशिका की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी चार मार्च को पकड़ा गया था। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker