मुजफ्फरपुर: घर में आग लगने से तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत

मुजफ्फरपुर, जिले में कथैया थाना क्षेत्र के जसौली गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में आग लगने से तीन लोग जिंदा जल गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि आगजनी में परिवार के अन्य सदस्य भी झुलस गए हैं। आग इतनी भीषण लगी थी कि आग की लपटें आसामान छू रहे थी। लपटें देख स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने फौरन इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।

सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान फिजा मियां, उसकी पत्नी और बहू के रूप में हुई है।

घर का सामान निकालने के चक्कर में झुलसे

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब 11 बजे दिन में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ीनुमा घर में आग लगी। इसके बाद परिजन जान बचाकर भागने लगे। कहा जा रहा कि घर से सामान निकालने के दौरान ये सभी लोग आग की चपेट में आ गए। आग की लपेट तेज होने के कारण कुछ ही समय में सभी सामान जलकर राख हो गया।

बता दें कि पिछले सप्ताह भी जिले के सदर थाना क्षेत्र में रामदयालु इलाके में आगजनी की भीषण घटना में चार सगी बहनें की जिंदा जलने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद लोग खाना बनाने के दौरान सावधानी नहीं बरत रहे हैं।

Back to top button