मुंबई से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में सिगरेट पीते यात्री हुआ गिरफ्तार

सहयात्रियों की जिंदगी को खतरे में डालते हुए मुंबई से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री सिगरेट पीने लगा। टायलेट से धुआं उठते देख लोगों को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। फ्लाइट जैसे ही गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंची, स्टाफ ने उसे इंडिगो सुरक्षा प्रभारी को सौंप दिया। सुरक्षा प्रभारी की तहरीर पर कैंट पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दोष सिद्ध होने पर तीन महीने तक की कैद हो सकती है। 

बिहार के गोपालगंज का रहनेवाला कृष्ण कुमार मिश्र इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई से गोरखपुर आ रहा था। मुम्बई से जब फ्लाइट ने उड़ान भरी, उसके कुछ देर बाद ही कृष्ण ने प्रतिबंध के बावजूद फ्लाइट के शौचालय में जाकर सिगरेट पीना शुरू कर दिया। ऐसा करते हुए इंडिगो के फ्लाइट स्टाफ ने उसे पकड़ लिया। कृष्ण कुमार मिश्रा की इस हरकत से अन्य यात्री भी डर गए थे। गोरखपुर में फ्लाइट के उतरते ही इंडिगो के सुरक्षा प्रभारी सतेन्द्र ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर कैंट थाने के एयरफोर्स चौकी पुलिस को सौंप दिया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपित यात्री पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

तीन महीने कारावास संभव 

पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी को तीन महीने तक का कारावास या ढाई सौ रुपये जुर्माना या दोनों सजाएं एक साथ हो सकती हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker