उत्तराखंड: ट्रैफिक जाम के झाम से मिलेगी राहत, इस शहर में बनेगा फ्लाई ओवर

देहरादून में अब लोगों को जाम के झाम से जल्द ही निजात मिलने वाली है। जाम की परेशानी हररोज रूबरू हो रहे शहरवासियों की समस्या का निदान करने को केंद्र सरकार ने प्लान बनाया है। जाम के झंझट से बचने को केंद्र सरकार ने अब देहरादून में एक ओर फ्लाईओवर बनाने का प्लान बनाया है।     

देहरादून के धर्मपुर चौक से हरिद्वार बाईपास को जाने वाली माता मंदिर रोड पर शहरवासियों को अब जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने इस सड़क पर 150 मीटर लम्बा फ्लाईओवर मंजूर कर दिया है। यह फ्लाईओवर माता मंदिर रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर बनेगा जिससे लोगों को ट्रेन की वजह से बार-बार रुकना नहीं पड़ेगा।

इसके साथ ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने राज्य में पांच अन्य सड़कों पर भी फ्लाईओवर परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। राज्य सरकार ने सीआरआईएफ सेतु बंधन योजना के तहत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से राज्य की छह सड़कों पर फ्लाईओवर परियोजनाओं की मंजूरी का अनुरोध किया था।

लोनिवि के एचओडी की ओर से इस संदर्भ में केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इन छह परियोजनाओं के लिए कुल 193 करोड़ के करीब का बजट मंजूर किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अनु सचिव की ओर से राज्य के मुख्य सचिव को इस संदर्भ में पत्र भेजा गया है।

इधर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि इन परियोजनाओं की मंजूरी से राज्य के कई शहरों में जाम की समस्या से निजात और आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा। 
फ्लाईओवर के लिए होगा भूमि अधिग्रहण: माता मंदिर रोड पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण भी होगा। इसमें आसपास की दुकानें और मकान जद में आ सकते हैं। इसके लिए लोनिवि जल्द सर्वे शुरू कर सकता है।

सड़क परिवहन मंत्रालय और रेलवे उठाएगा खर्च 

लोनिवि के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि राज्य की जिन छह सड़कों पर फ्लाईओवर मंजूर हुए हैं। उन पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ रहा था। रेलवे ने इन सभी स्थानों पर एक लाख से अधिक ट्रेन व्हीकल यूनिट गुजरते हैं। ऐसे में पहली बार केंद्र ने राज्य की सड़कों पर फ्लाईओवर बनाने को मंजूरी दी है।

इन फ्लाईओवरों के निर्माण पर आने वाले खर्च का पचास फीसदी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और पचास फीसदी बजट रेलवे मंत्रालय की ओर से खर्च किया जाएगा। हालांकि जमीन अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और वन भूमि हस्तांतरण का खर्चा राज्य सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से राज्य के शहरों में बढ़ रहे ट्रैफिक के दबाव को कुछ कम किया जा सकेगा। 

हरिद्वार बाईपास सब-वे बनने से हल होगी परेशानी 
देहरादून। माता मंदिर रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज-फ्लाईओवर बनने से वाहन यहां से तो सरपट निकल जाएंगे, लेकिन आगे हरिद्वार बाईपास पर दबाव बढ़ जाएगा। इतना ही नहीं धर्मपुर चौक पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। यहां भी ट्रैफिक सुधार के लिए कदम उठाने होंगे। हरिद्वार बाईपास पर भी फ्लाईओवर या सब-बे का विकल्प जरूरी होगा।

रोजाना औसतन चार घंटे बंद रहता है फाटक
देहरादून का माता मंदिर रोड पर देहरादून स्टेशन के बाद पहला फाटक है। यहां वाहनों का खासा दबाव रहता है। सुबह, दोपहर और शाम के वक्त यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ट्रेनों के आवागमन के लिए रोजाना औसतन चार घंटे यह फाटक बंद रहता है।
देहरादून के लिए 18 ट्रेनों का रोजाना आना-जाना होता है। जबकि चार ट्रेनें सप्ताह में पांच दिन चलती हैं। इसके अलावा 12 ट्रेनें हफ्ते में एक या दो दिन संचालित होती हैं।

औसतन 24 से 25 ट्रेनों का रोजाना संचालन होता है। एक ट्रेन के लिए करीब 10 मिनट फाटक बंद रहता है। इसके अलावा मालगाड़ी, मेंटीनेंस, वीआईपी मूवमेंट, चैन पुलिंग के समय भी फाटक को बंद हो जाता है। इस हिसाब से अलग-अलग समय को जोड़ लें तो हर दिन औसतन चार घंटे फाटक बंद रहता है। इससे लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker