घरेलू कलह से परेशान दो भाइयों ने आत्महत्या का किया प्रयास, एक की हालत गंभीर

ऋषिकेश: पारिवारिक कारणों के चलते इटावा निवासी दो सगे भाई अपनी जान गंवाने निकल पड़े। दोनों ने आत्महत्या करने के लिए खुद को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया।

मगर, स्थानीय नागरिकों की जागरूकता के चलते मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने दोनों को बचा लिया। दोनों को घायलावस्था में एम्स में भर्ती कराया गया है।

आत्महत्या करने का कर रहे थे प्रयास

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सिंगटाली के पास दो लोग आत्महत्या करने का प्रयास कर रहे हैं। तत्काल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां देखा कि जख्मी हालत में एक युवक गंगा किनारे पड़ा था। जबकि, दूसरा घायल भी खून में लथपथ वहीं बैठा मिला।

पूछताछ में उनकी पहचान अनुराग दूबे और शिवम दूबे दोनों पुत्र अजब सिंह निवासी ब्रह्मनगर कालोनी, इटावा, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई। अनुराग ने बताया कि पारिवारिक कारणों से वह दोनों आत्महत्या करने के लिए पहुंचे थे। शिवम की जख्मी हालत देख वह डर गया।

घटनास्थल से पुलिस को एक चाकू बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि दोनों के स्वजन से बातचीत में पता चला कि यह पारिवारिक क्लेश से जुड़ा मामला है। शिवम की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। जबकि, अनुराग की स्थिति खतरे से बाहर है।

मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला

दोनों किराए की स्कूटी लेकर सिंगटाली तक पहुंचे थे। दोनों को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें उन्होंने पुलिस के लिए लिखा था कि अंतिम संस्कार से पहले उनके अंगदान कर देना।

Back to top button