आज त्रिपुरा में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा..

उत्तर पूर्वी राज्य त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और लेफ्ट जैसे प्रमुख दलों के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियां भी चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज त्रिपुरा के दौरे पर हैं। नड्डा अमरपुर और कुमारघाट में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। नड्डा की रैली के साथ ही भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान शुरू हो जाएगा।

समाचार एजेंसी ने भाजपा के शीर्ष सूत्रों के हवाले से कहा कि नड्डा अमरपुर से विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत भी करेंगे। इसके साथ ही पार्टी का चुनाव अभियान आज शुरू हो जाएगा। नड्डा आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए राज्य के शीर्ष नेताओं की बैठक भी करेंगे।

इससे पहले, राज्य के सीएम माणिक साहा ने गुरुवार को राजधानी अगरतला में घर-घर जाकर प्रचार जाकर किया। इस दौरान साहा ने कहा, “जनता की भलाई के लिए राज्य में केंद्र सरकार की कई परियोजनाओं और योजनाओं को लागू किया गया है। जनता को इन योजनाओं का लाभ भी मिला है। हमें उम्मीद है कि वे फिर से भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।”

गौरतलब है कि भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनाव में लेफ्ट का 25 साल पुराना किला ढहा दिया था। साल 2018 में त्रिपुरा की 60 सीटों में से 59 सीटों पर चुनाव कराए गए थे। भाजपा ने जीत का परचम लहराते हुए 35 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सीपीएम सिर्फ 16 सीटों पर ही सिमट गई। भाजपा की सहयोगी पार्टी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) ने 8 सीटों पर जीत हासिल की थी।

बता दें कि त्रिपुरा में 16 फरवरी को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होगा। 2 मार्च को नतीजो का एलान किया जाएगा। दो मार्च को ही नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव के नतीजे भी घोषित होंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker