गांजा तस्करी का विरोध करने पर युवक को मारी गई थी गोली, जानिए पूरा मामला

गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में फैले गांजा तस्करी के मकड़जाल का विरोध करने पर सूरजपुर में रहने वाले फैक्ट्री कर्मचारी अभिषेक को गोली मारी गई थी। अभिषेक के पिता प्रेमचंद ने दावा किया है कि अभिषेक की हत्या करने के लिए साजिश रचनी वाली उसकी मौसी अंजली उर्फ पूजा के संपर्क में कई गांजा तस्कर है जो कि देश व विदेश में गांजा की सप्लाई करते है।

पुलिस से बचने के लिए अंजली लोगों को अपना नाम पूजा बताती थी। वहीं गोली का शिकार हुए अभिषेक की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। डाक्टरों ने उनको अगले कुछ दिन तक खिचड़ी खाने की सलाह दी है। अभिषेक घटना के आठ दिन बाद भी अभी अस्पताल में भर्ती है।

अब तक पकड़ा गया करीब 600 किलो गांजा

अभिषेक के स्वजन के दावों में सच्चाई इस वजह से भी लग रही है क्योंकि घटना के बाद से कमिश्नरेट पुलिस लगातार गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई है। अब तक 600 किलो के करीब गांजा पूरे जिले की अलग-अलग कोतवाली क्षेत्र में गोलीकांड की घटना के बाद से पकड़ा जा चुका है।

प्रेमचंद का कहना है कि घटना की योजना तैयार करने वाली मास्टरमाइंड मौसी अंजली से मिलने घर पर जब उसके दोस्त आते थे तो कार से आने वाले लोगों के आस-पास से हमेशा गांजा की महक आती थी। उन्होंने इस बात का विरोध किया। विरोध करने पर ही अभिषेक को गोली मारी गई।

बहन ने बयां किया दर्द

अभिषेक को गोली मारने की घटना के बाद उनकी बहन ने दर्द बयां किया है। पीड़ित की बहन ने बताया कि मौसी की गलत हरकतों की वजह से उनके परिवार में परेशानी का पहाड़ टूट पड़ा है। ईश्वर की देन है कि मौसी हत्या की योजना में कामयाब नहीं हो पाई और उनके भाई की गोली लगने के बाद भी जान बच गई।

यह है मामला

ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र स्थित एटीएस गोलचक्कर के समीप फैक्ट्री कर्मचारी अभिषेक को 17 जनवरी की रात गोली मारी गई थी। अभिषेक की हत्या की सुपारी उसकी ही मौसी अंजली ने अपने पुरुष मित्र को दी थी। मौसी ने भांजे की हत्या की साजिश इसलिए रची, क्योंकि भांजे अभिषेक ने मौसी की गलत गतिविधियों के चलते उसको घर से निकाल दिया था। पुलिस ने गोली मारने वाले दोनों आरोपित जयवर्धन व अमित को बीते बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।

सेंट्रल नोएडा एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ने कहा कि मामले में फरार चल रही महिला आरोपित का लुक आउट नोटिस जारी हो चुका है। वर्तमान में आरोपित सउदी अरब में है। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker