उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का तांडव, बुधवार को 100 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल

दिल्ली: देश में सर्दी बढ़ रही है। आलम ये है कि दिल्ली नैनीताल से ज्यादा ठंडी हो गई है। दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक बुधवार को भी दिल्ली में घने कोहरे के कारण 100 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हुईं। इनमें से कुछ को नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि देहरादून में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 6.2 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के अलावा, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू हो गई है। इसके साथ ही घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क यातायात और ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर पारा शून्य से नीचे
हिमाचल प्रदेश में भीषण शीतलहर के चलते अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया। केलांग में -7.9 डिग्री, कुसुमसेरी में -5.0 डिग्री, कल्पा में -3.6 डिग्री, मनाली में -0.6 डिग्री और भुंतर में -0.4 डिग्री दर्ज किया गया। सोलन और शिमला का न्यूनतम तापमान 2.3 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और हिमपात की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक पांच दिन इस सीजन के सबसे सर्द दिन हो सकते हैं। इस दौरान पंजाब, हरियाणा के कुछ इलाकों में रात का तापमान माइनस में जा सकता है। वहीं, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में रात का तापमान 1 से 4 डिग्री के बीच रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 10 से 14 डिग्री तक रहने की संभावना है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker