गोरखपुर के रहने वाले उमा सिंह ने माउंट फ्रेंडशिप पर साइकिल से की चढ़ाई, लहराया तिरंगा

गोरखपुर: गोरखपुर के रहने वाले उमा सिंह ने एक बार फिर पर्वतारोहण के क्षेत्र में इतिहास रच दिया है। उमा सिंह ने मनाली स्थित माउंट फ्रेंडशिप की चोटी साइकिल से फतह कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उमा साइकिल से इस पर्वत की चोटी पर पहुंचने वाले पहले पर्वतारोही बन गए हैं।
मनाली में 2 नवंबर को लुधियाना की कंपनी ‘जीकी बाइक’ ने उन्हें माउंटेन टेरेन बाइक (पहाड़ों पर चलाने वाली साइकिल) भेंट की। 2, 3 और 4 नवंबर को वह पहाड़ पर चढ़ते रहे। इस दौरान गाइड सुमेद मेहला उनके साथ थे। तीन दिन मोबाइल नेटवर्क से बाहर रहे। रात होने पर टेंट लगाकर पहाड़ पर ही सो जाते, सुबह फिर अभियान पर निकलते। 5 नवंबर को दिन में करीब 11 बजे वह अपने लक्ष्य तक पहुंच गए।
उमा सिंह ने बताया कि 17,346 फीट ऊंचे इस पर्वत का शीर्ष करीब दो सौ मीटर तक दीवार की तरह खड़ा है। इसलिए वहां तक पहुंचना संभव नहीं है। गाइड के निर्देशानुसार टॉप से 200 मीटर नीचे से ही 5 नवंबर को उन्होंने तिरंगा फहराने के बाद वापसी की। 5 नवंबर की देर शाम पर्वत से नीचे आ गए।
साइकिल से की मनाली तक की यात्रा
बांसगांव तहसील क्षेत्र के गोड़सैरा गांव के रहने वाले उमा सिंह ने 25 अक्टूबर को साइकिल से ही इस यात्रा की शुरुआत की थी। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया था। गोरखपुर से लखनऊ, आगरा, दिल्ली, चंडीगढ़ होते हुए वह साइकिल से ही 2 नवंबर को मनाली तक करीब 1400 किमी का सफर पूरा किया। वहां से 2 नवंबर को ही इस अभियान की शुरुआत कर दी। पूरी यात्रा में उन्हें कुल 12 दिन लगे थे।
पहले भी बना चुके हैं कई रिकॉर्ड
– 12 से 15 अगस्त के बीच हिमालय पर्वत की चार चोटियों पर साइकिल से चढ़ाई कर पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे पर्वतारोही बने थे।
– 15 से 17 जुलाई के बीच कश्मीर से कन्याकुमारी (3629 किमी) का सफर किराए की स्पोर्ट्स बाइक से रिकॉर्ड 63 घंटे 35 मिनट 20 सेकंड में तय किया था।
– 15 अगस्त 2021 को अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (19340 फीट) पर साइकिल से चढ़ाई कर तिरंगा फहराया।
– 30 नवम्बर 2020 से 10 फरवरी 2021 के बीच 73 दिनों में 12,271 किमी का सफर साइकिल से पूरा करने का रिकॉर्ड उमा के नाम है। इस दौरान उन्होंने देश के सभी राज्यों और उनकी राजधानी तक अपनी दस्तक दी।