हरिद्वार के 6 निर्दलीय नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य BJP में शामिल

हरिद्वार : हरिद्वार के छह और नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सांसद एवं पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने इनको पार्टी की सदस्यता दिलवाई। शनिवार साढ़े चार बजे निशंक की अगुवाई में हरिद्वार के नव निर्वाचित छह जिपं सदस्य पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। ये निर्दलीय जीते हैं। संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने किया।

ये हुए शामिल                                                                                                         

हबीबपुर कुढ़ी वार्ड से ऋतुरानी,नारसन से अरविंद राठी, भगवानपुर चंदनपुर से कमलेश, बुड़ाहेड़ी से सरिता, मेहवड़ खुर्द से सपना, पदार्था उर्फ धनपुरा से दर्शाना भाजपा से जुड़े।

भाजपा का जिपं अध्यक्ष बनना तय हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पहली बार भाजपा की झोली में जाना तय माना जा रहा है। जिला पंचायत की कुल 44 सीटों में भाजपा के 14 प्रत्याशी जीते थे। जबकि, छह जिपं सदस्यों ने शुक्रवार को भाजपा का दामन थामा था। शनिवार को हालांकि, सात जिंप सदस्य मुख्यालय पहुंचे थे, मगर एक ने नेताओं से आग्रह किया कि उनका नाम जारी नहीं करें। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और सांसद निशंक बोले, हरिद्वार के जिला पंचायत चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। जिपं बोर्ड तो भाजपा का बनना तय है, अभी यह कारवां थमने वाला नहीं।

कांग्रेस का सवाल-हत्याकांड के बावजूद कैसे जीत गई भाजपा?                         

हरिद्वार में जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस पांच सीट ही जीत पाई है। निर्दलीय सबसे ज्यादा सीट जीत कर आगे रहे। कांग्रेस को हैरानी इस बात पर भी है कि अंकिता हत्याकांड से उपजे आक्रोश के बाद भी भाजपा पर असर क्यों नहीं पड़ा? शनिवार को कांग्रेस के महामंत्री-संगठन विजय सारस्वत ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने खुलकर धन-बल का प्रयोग किया और चुनाव से जुड़े कई कार्मिकों ने भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम किया। मुख्य प्रवक्ता गरिमा महरा दसौनी बोलीं, अंकिता हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोरा। ऐसा कैसे हो सकता है, महज एक घंटे की दूरी पर स्थित ऋषिकेश में इस हत्याकांड का असर हरिद्वार पर न पड़ा हो। भाजपा के प्रति आक्रोश के बावजूद वह जीती, जरूर चुनाव में बड़ा खेल हुआ है।

जिपं अध्यक्ष-ब्लॉक प्रमुख चुनाव को समिति                                                       

भाजपा ने हरिद्वार पंचायत चुनाव में सफलता के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को कोर कमेटी, जिला एवं ब्लॉक कमेटी गठित की। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया, कोर कमेटी में प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, हरिद्वार जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, सांसद निशंक, कल्पना सैनी और नरेश बंसल एवं प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी शामिल किए गए हैं, जो पार्टी प्रत्याशियों का पैनल तैयार करेंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker