उत्तर प्रदेश : मुरादाबाद के उद्योगपति अरविंद गोयल ने दान की 600 करोड़ की संपत्ति

दिल्ली: मुरादाबाद के उद्योगपति डॉ. अरविंद कुमार गोयल अपनी पूरी संपत्ति गरीबों के लिए दान कर चुके हैं। दान की गई संपत्ति की कीमत करीब 600 करोड़ रुपए है। ऐसा दूसरा कोई उदाहरण दूर-दूर तक नजर नहीं आता। जहां किसी व्यक्ति ने जिंदगी भर कड़ी मेहनत से सैकड़ों करोड़ का साम्राज्य खड़ा किया। फिर उसे पलभर में दान दे दिया।
बिल गेट्स अपनी संपत्ति दान देकर चर्चित हुए थे। मगर, उन्होंने उसे अपने ही फाउंडेशन (बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन) में ट्रांसफर किया था। डॉ. गोयल ने अपनी कमाई गरीब और अनाथों की शिक्षा और चिकित्सा के लिए राज्य सरकार को देने की घोषणा की है।
डॉ. गोयल पहले से ही समाजसेवा के काम करके फेमस हो चुके हैं। उनकी मदद से पिछले करीब 20 साल से देशभर में सैकड़ों वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम और फ्री हेल्थ सेंटर चलाए जा रहे हैं। साथ ही उनकी मदद से चल रहे स्कूलों में गरीब बच्चों को फ्री शिक्षा दी जा रही है। कोविड लॉकडाउन में भी करीब 50 गांवों को गोद लेकर उन्होंने लोगों को मुफ्त खाना और दवा दिलवाई।
डॉ. अरविंद गोयल ने 50 साल की कड़ी मेहनत से यह संपत्ति अर्जित की है। मुरादाबाद के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों और राजस्थान में भी उनके स्कूल-कॉलेज और इंजीनयरिंग कॉलेज हैं। मुरादाबाद के सिविल लाइंस की अपनी कोठी को छोड़कर उन्होंने बाकी पूरी संपत्ति दान देने की घोषणा की है। उन्होंने यह दान सीधे राज्य सरकार को दिया है। ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके।





