मथुरा में महापंचायत: प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली: नए कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को कांग्रेस समर्थन कर रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को मथुरा के पालीखेड़ा मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर करारे हमले किए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाषण में पीएम मोदी को केंद्रित रखा। किसान कानून को अरबपतियों के लिए बनाया गया कानून बताया। वहीं भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में उन्होंने कहा कि इस सरकार का अहंकार भगवान श्रीकृष्ण तोड़ेंगे।

महापंचायत के लिए आईं प्रियंका गांधी वाड्रा के मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका नारे लगाकर स्वागत किया। प्रियंका के आते ही समूचे पंडाल में एक नई ऊर्जा का संचार हो गया। वहां मौजूद जनता ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी ने मंच पर पहुंचकर कहा कि मेरा सौभाग्य है कि यहां खड़ी हूं। बांकेबिहारी महाराज की जय, गिरिराज महाराज की जय, जमुना मैया की जय के साथ अपना भाषण शुरू किया।

प्रियंका गांधी ने मंच संभालते ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला बोल दिया। मथुरा में उन्होंने कहा कि पीएम अहंकारी हैं उनका अहंकार भगवान श्रीकृष्ण तोड़ेंगे। पीएम पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने दो हवाई जहाज करीब 16,000 करोड़ खर्च करके खरीद लिए लेकिन गन्ना किसानों का 15,000 करोड़ बकाया नहीं दिया।

Back to top button