टीकाकरण में यूपी-बिहार सबसे आगे

नई दिल्ली: कोरोना टीकों की सर्वाधिक खुराक लगाने वाले देशों की सूची में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस सूची में अमेरिका और ब्रिटेन भारत से ऊपर हैं। देशव्यापी टीकाकरण के तहत सात फरवरी की सुबह आठ बजे तक कुल 57.75 लाख लोगों को टीका लगाया गया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक इस दौरान अमेरिका में लोगों को टीके की 4.04 करोड़ खुराक दी गई है, जबकि ब्रिटेन में यह आंकड़ा 1.19 करोड़ है।

भारत में टीका लगवाने वालों में 53,04,546 स्वास्थ्यकर्मी और 4,70,776 अग्रिम मोर्चे के कर्मी शामिल हैं। देश के 12 राज्यों में दो-दो लाख से अधिक लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है। पिछले 24 घंटे में 8,875 सत्रों में 3,58,473 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। अब तक कुल 1,15,178 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

टीकाकरण की रेस में यूपी और बिहार सबसे आगे है। अकेले उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह तक 6,73,542 लोगों को टीका लगाया जा चुका है, जबकि बिहार में यह आंकड़ा 3,68,413 है। लेकिन कुल स्वास्थ्यकर्मियों के प्रतिशत के लिहाज से बिहार टीकाकरण में सबसे आगे है। यूपी में जहां अभी केवल 69 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया है, वहीं बिहार में 76.6 फीसदी से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां सबसे पहले 5 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, लेकिन अब यहां दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू हो चुका है। इसके अलावा हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू हुआ है।

Back to top button