आज Lockdown 5.0 का पहला दिन, जानें क्या रहेगा बंद, क्या मिलेगी छूट

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन (Lockdown) की मार झेल रहा देश आज (सोमवार) से धीरे-धीरे अनलॉक (Unlock 1) हो रहा है। पिछले दिनों गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन में कंटेनमेंट जोन के बाहर सभी तरह की गतिविधियों को फिर से शुरू करने की इजाजत दी गई। वहीं, कंटेनमेंट जोन में 30 जून तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया।

सरकारी नियमों के अनुसार, लोगों को अब एक राज्य से दूसरे राज्य जाने के लिए किसी पास की जरूरत नहीं होगी। वहीं, अधिकांश राज्यों में भी लॉकडाउन 5 को एक जून से 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। लेकिन, तमाम तरह की पाबंदियों में सख्ती के साथ ढील भी दी गई है। लोगों की आवाजाही और दुकानों व बाजारों को खोलने के लिए आंशिक रूप से प्रतिबंध हटा दिया गया है। हालांकि, कोविड-19 कंटेमनेंट क्षेत्र में पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी। जानें, किन राज्यों ने किस क्षेत्र में दी है छूट:

उत्तर प्रदेश

यूपी सरकार ने लॉकडाउन-5 के संबंध में दिशा-निर्देश जारी करते हुए जून से प्रदेश के अंदर अंतरजनपदीय बस सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही सभी बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगे। सभी धार्मिक स्थल 8 जून से खुल सकेंगे। एक जून से 30 जून तक चलने वाले लॉकडाउन-5 के संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी ने रविवार को शासनादेश जारी किया।

ये अनुमतियां मास्क, सैनिटाइजेशन का कड़ाई से पालन करने के निर्देशों के साथ दी गई हैं। हिदायतों का पालन न करने पर कड़ा जुर्माना वसूला जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट अन्य अतिथि सत्कार सेवाएं और शापिंग माल भी 8 जून से खुल सकेंगे।

दिल्ली

लॉकडाउन पांच में राहतों को लेकर दिल्ली सरकार सोमवार को घोषणा करेगी। रविवार को लॉकडाउन पांच में दी जाने वाली राहतों को लेकर बैठक हुई। बैठक में नए राहतों को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया बनाने पर चर्चा की।

सोमवार को एक बार फिर चर्चा के बाद इसकी घोषणा की जाएगी। सूत्रों की मानें तो दिल्ली सरकार इस बार लॉकडाउन पांच में सैलून खोलने को लेकर छूट दे सकती है।

यह छूट 8 जून से पहले भी जारी हो सकती है। 8 जून के बाद मंदिर, शापिंग मॉल के साथ बाजार खोलने का समय भी बढ़ाया जा सकता है। बाजारों में सम-विषम से भी राहत की उम्मीद है।

नई राहतों के साथ किन शर्तों का ध्यान रखना होकर इसे लेकर सरकार काम कर रही है। एलजी की मंजूरी के बाद सरकार इसे जारी करेगी। केंद्र ने लॉकडाउन पांच में कई छूट दी है। कंटेनमेंट जोन में छूट नहीं दी जाएगी।

महाराष्ट्र

राज्य सरकार ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन को 30 जून तक के लिए बढ़ाने का ऐलान किया। रविवार को जारी निर्देश में मॉल को छोड़कर सभी बाजार, बाजार क्षेत्रों व दुकानें को पांच जून से सम-विषम आधार पर खोलने की अनुमति होगी।

सभी निजी कार्यालयों को आठ जून से दस फीसदी कर्मचारियों के साथ काम करने की अनुमति है। वहीं, अन्य कर्मचारी घर से ही काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker