चिन्नास्वामी स्टेडियम का वो ऐतिहासिक मैच जब बदल गया था T20I का इतिहास

भारतीय क्रिकेट टीम बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच में उतरेगी। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए बेहद खास है क्योंकि यहां सीरीज दांव पर लगी है। जो टीम यह मैच जीतेगी वो सीरीज अपने नाम करेगी, लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के दिमाग में इस मैदान पर खेला गया आखिरी मैच जरूर होगा।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज मैच से पहले आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 17 जनवरी 2024 को खेला गया था। यह मैच भारत और अफगानिस्तान के बीच हुआ था और यह क्रिकेट इतिहास के कुछ चुनिंदा मैचों में दर्ज है।

पहली बार हुआ था ऐसा
अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए उस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे थे। यह सीरीज तीन मैचों की थी और आखिरी मैच चिन्नास्वामी में खेला गया था। इस मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला था वो भी एक नहीं बल्कि दो सुपर ओवरों में। यह टी20 इंटरनेशनल इतिहास का पहला मैच था जिसमें दो सुपर ओवर हुए थे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रोहित शर्मा के पांचवें टी20 इंटरनेशनल शतक के दम पर चार विकेट खोकर 212 रन बनाए थे। रोहित ने 121 रनों की पारी खेली थी। अफगानिस्तान ने भी 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 212 रन ही बनाए थे।

हुए थे दो सुपर ओवर
इसके बाद सुपर ओवर में मैच गया। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट खोकर 16 रन बनाए थे। भारत ने भी पहले सुपर ओवर में इतने ही रन बनाए थे। यानी पहले सुपर ओवर में भी मुकाबला टाई रहा था। इसके बाद दूसरा सुपर ओवर हुआ था। इस दूसरे सुपर ओवर में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और दो विकेट खोकर 11 रन बनाए। जब अफगानिस्तान की टीम बैटिंग करने आई तो उसे जीतने के लिए 12 रन चाहिए थे और सामने थे रवि बिश्नोई। रवि बिश्नोई ने यह रन नहीं बनने दिए और भारत ने यह ऐतिहासिक मैच अपने नाम किया।

तब से लेकर अब तक 1003 दिन हो चुके हैं और टीम इंडिया में काफी बदलाव हो चुके हैं। दो टी20 कप्तान बदल चुके हैं और श्रेयस अय्यर के जिम्मे कप्तानी आई है। उस टीम का हिस्सा संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई मौजूदा टीम में भी हैं। अय्यर और टीम मैनेजमेंट के दिमाग में पुराना मैच भी कहीं न कहीं होगा। हालांकि, टीम इंडिया उस पर ज्यादा ध्यान न देते हुए पूरी तरह से अपने खेल पर फोकस कर रही होगी।

Back to top button